‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागिता करें', सीएम योगी ने धनतेरस और दीपावली की दी शुभकामनाएं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस, दीपावली सहित अन्य पर्वों पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सीएम योगी ने धनतेरस की दी शुभकामनाएं।
HighLights
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं।
धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज का जिक्र।
स्वास्थ्य, समृद्धि, सामाजिक समरसता की कामना की।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति के ये पर्व समृद्ध परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और पारिवारिक आत्मीयता के प्रतीक हैं।
दीपावली का प्रकाश अज्ञानता से ज्ञान और निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश में सुख-शांति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होने की कामना की।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान धन्वंतरि से सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि धनतेरस आरोग्य और सुख-समृद्धि के महत्व का स्मरण कराने वाला पर्व है।
....................
धनतेरस का पावन पर्व समृद्धि, शुभता और मंगल का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर अपने उत्सव के उल्लास में प्रदेश के उन कर्मठ कारीगरों और शिल्पकारों को भी सहभागी बनाएं, जिनकी कला और अनवरत साधना हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी समृद्ध कर रही है। भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 के ₹84 हजार करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹2 लाख करोड़ के पार पहुंचना हमारे शिल्पकारों-दस्तकारों की उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण है। लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का ‘कार्पेट बाजार’ प्रदेश के पारम्परिक शिल्पों को आज वैश्विक मंचों पर नई पहचान दिला रहे हैं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को आत्मसात करते हुए, इस धनतेरस ओडीओपी (ODOP) उत्पादों को ही उपहार स्वरूप चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है। आइए, ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाएं और ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। धन्वंतरि जयंती एवं धनतेरस की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 6, 2026
स्वस्थ शरीर ही सुखी और सार्थक जीवन का आधार है। प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें- इस बार दीपोत्सव छह दिन, आज से शुरू पर्वों का सिलसिला... क्या है धनतेरस-दीवाली-भाई दूज का मुहूर्त?