Move to Jagran APP

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ ने 73वें गणतंत्र दिवस पर दी प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं

Republic Day 2022 सीएम योगी ने कहा कि हमारा गणतंत्र उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों व भारतीय संविधान के प्रति अखंड निष्ठा और हमारी विविधता में एकता की समेकित अभिव्यक्ति है। आइए हम एक भारत-श्रेष्ठ भारत-आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु संकल्पित हों।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 26 Jan 2022 08:41 AM (IST)Updated: Wed, 26 Jan 2022 11:19 AM (IST)
Republic Day 2022: राज्यपाल, मुख्यमंत्री विधान सभा अध्यक्ष ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

लखनऊ, जेएनएन। Republic Day 2022: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लोगों के सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना की है। कोविड-19 के दृष्टिगत शारीरिक दूरी के साथ राष्ट्रीय पर्व को मनाने की अपील की। सीएम योगी ने कहा कि हमारा गणतंत्र, उत्कृष्ट लोकतांत्रिक मूल्यों व भारतीय संविधान के प्रति अखंड निष्ठा और हमारी विविधता में एकता की समेकित अभिव्यक्ति है। आइए, हम 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत-आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण हेतु संकल्पित हों। 

loksabha election banner

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान के कारण आज भारत पूरे विश्व में स्वतंत्र व सशक्त जनतंत्र राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित है। हमारा संविधान देश के लोगों को शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक व राजनीतिक रूप से समान अवसर देता है। उन्होंने कहा कि सभी लोग समाज व राष्ट्र की सेवा कर अपने दायित्व का निर्वहन करें। बुधवार को राज्यपाल का जनता के नाम संदेश आकाशवाणी से रात्रि 7.30 बजे व दूरदर्शन लखनऊ से रात्रि 8.30 बजे प्रसारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का स्मरण कराने के साथ हमें संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन के प्रति प्रेरित भी करता है। वर्तमान में उत्तर प्रदेशवासी आजादी के अमृत महोत्सव के साथ-साथ चौरी-चौरा शताब्दी महोत्सव भी मना रहे हैं। यह विशिष्ट कालखंड हमें महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों के अनुरूप समतामूलक समाज के निर्माण का अवसर प्रदान करता है। सीएम ने लोगों से कोविड प्रोटोकाल का पूर्ण पालन करते हुए गणतंत्र दिवस मनाने की अपील की है।

विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि भारत इस साल अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। विश्व की सबसे पुरानी सभ्यताओं में भारत अपनी विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि व विरासत के लिए जाना जाता है। इस पर्व के दिन पूरे भारत का वातावरण 'जन गण मन गण' से गूंजता है। विधान सभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की है। विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा है कि गणतंत्र दिवस हमारे देश के लिए गौरव का दिन है। पूरा देश इसका जश्न तिरंगा फहराकर, शहीदों को श्रद्धांजलि देकर, राष्ट्रगान गाकर मनाता है।

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपने संदेश में कहा 'गणतंत्र दिवस की सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देश की गरीब मेहनतकश जनता संविधान को सार्थक बनाने हेतु हमेशा कटिबद्ध, किन्तु सरकारों को बढ़ती गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई आदि को दूर करके गरीब व अमीर के बीच अपार खाई कम करने के प्रति गंभीर व समर्पित होना जरूरी।' उन्होंने कहा कि 'परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर ने न्याय, स्वतंत्रता व समता के जिस गरिमामय ’आइडिया आफ इंडिया’ को अनुपम संविधान का मूल बनाया था वह मानवतावादी महान उद्देश्य भारतीय गणतंत्र के 72 वर्ष बाद भी काफी आधा-अधूरा, ऐसा क्यों? इसके लिए दोषारोपण के बजाय ईमानदार आत्म-चिन्तन जरूरी।'

समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'आइये हम गणतंत्र दिवस पर हम संकल्प लें कि जिस संविधान ने इस महान गणतंत्र की स्थापना की उसे हर हाल में बचाएंगे। आज संविधान संकट में है। कुछ ऐसी नकारात्मक शक्तियां हावी हो रही हैं, जो मनमाने विधान से देश को चलाना चाहती है। आइये अपने देश और देश वासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए उस पाजिटिव, प्रोग्रेसिव और प्रैक्टकल पालिटिक्स की ओर बढ़ें जो किसी एक खास वर्ग को लेकर नहीं बल्कि जो आम जनमानस को संग लेकर बढ़ती है।   


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.