विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

तीर्थयात्रा पर जाने के लिए मिलेंगे 10 हजार, योगी सरकार ने शुरू की 2 नई योजनाएं; इन लोगों को होगा बड़ा फायदा

By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
Published: Sat, 05 Jul 2025 06:47 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए दो नई तीर्थ यात्रा योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं ...और पढ़ें

यूपी के बौद्ध व सिख श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा योजनाओं का उपहार
यूपी के बौद्ध व सिख श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा योजनाओं का उपहार

HighLights

  1. बौद्ध, सिख श्रद्धालुओं हेतु तीर्थ यात्रा योजना |
  2. 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता |
  3. ऑनलाइन आवेदन, गरीब वर्ग को प्राथमिकता |

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बौद्ध और सिख धर्मावलंबियों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए दो तीर्थ यात्रा योजनाएं शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सरकार श्रद्धालुओं को दोनों योजनाओं में प्रति व्यक्ति न्यूनतम 10,000 रुपये अनुदान के रूप में देगी।

योजनाएं आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि तीर्थ यात्राएं भारतीय संस्कृति में आत्मिक उत्थान और सामाजिक समरसता का माध्यम हैं। ऐसे में राज्य सरकार का दायित्व है कि वह अपने नागरिकों को उनकी आस्था से जुड़े स्थलों तक पहुंचने में सहायता प्रदान करे।

शनिवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बौद्ध श्रद्धालुओं की विशिष्ट तीर्थ यात्राओं के लिए ‘बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना’ और सिख श्रद्धालुओं के लिए ‘पंच तख्त यात्रा योजना’ प्रारंभ की जाए। इन योजनाओं के माध्यम से तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सरकार आर्थिक सहयोग देगी, जिससे वे अपनी आस्था से जुड़े तीर्थस्थलों की यात्रा आसानी से कर सकें।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों योजनाएं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लागू की जाएं। ये योजनाएं प्रदेश की समावेशी विकास नीति और ''सबका साथ, सबका विकास'' की भावना को और सशक्त करेंगी।

प्रदेश की धार्मिक सहिष्णुता और पर्यटन को नया आयाम देंगी, साथ ही ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मूर्त रूप प्रदान करेंगी। बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना से उत्तर प्रदेश के निवासी हिन्दू व बौद्ध श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न भागों में स्थित बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा करने की इच्छा पूरी होगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना के लाभार्थियों का चयन करने में बौद्ध भिक्षुओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पंच तख्त यात्रा योजना सिख श्रद्धालुओं के लिए है। इसके तहत उत्तर प्रदेश के निवासी सिख श्रद्धालुओं को देश में स्थित पांच पवित्र ‘तख्त साहिब’ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। सिख पंथ के लिए पवित्र पंच तख्त स्थलों में ''श्री आनंदपुर साहिब पंजाब, श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर पंजाब, श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो पंजाब, श्री तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र तथा श्री हरमंदिर जी साहिब (पटना साहिब) पटना बिहार,'' शामिल हैं।

दोनों योजनाओं में प्रति व्यक्ति न्यूनतम 10,000 रुपये की राशि अनुदान के रूप में दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि दोनों योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन होनी चाहिए, श्रद्धालुओं के चयन में पूरी पारदर्शिता के साथ कमजोर आय वर्ग के लोगों को वरीयता दी जाए।