उत्तर प्रदेश के राज्यकर्मियों को दीपावली से पहले मिलेगा बोनस, सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगवाई फाइल
UP Government Diwali Bonus: बोनस का आदेश जारी होने के कुछ दिनों बाद तीन प्रतिशत बढ़ी दर से महंगाई भत्ता ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य कर्मियों को दीपावली से पहले बोनस देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वित्त विभाग ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले बोनस देने की फाइल तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार तक बोनस देने का आदेश जारी कर सकते हैं। उनके आदेश के साथ ही 12.50 लाख से अधिक कर्मचारियों के खाते में तत्काल बोनस की धनराशि भेजी जाएगी। अधिकतम सात हजार रुपये बोनस दिया जाएगा।
केंद्र सरकार के शनिवार को करों में बनने वाली राज्य की हिस्सेदारी में से अग्रिम तौर पर 19.208 करोड़ रुपये देने से राज्य सरकार बोनस देने में खर्च होने वाले लगभग 2.500 करोड़ रुपये का वहन आसानी से कर सकेगी। बोनस का आदेश जारी होने के कुछ दिनों बाद तीन प्रतिशत बढ़ी दर से महंगाई भत्ता व महंगाई राहत दिए जाने का आदेश भी सरकार जारी करेगी। वित्त विभाग इसकी फाइल भी तैयार कर रहा है।
राज्य कर्मचारियों को दीवाली से पहले मिलने वाले वेतन के साथ तीन प्रतिशत बढ़ी दर से महंगाई भत्ते (डीए) का लाभ नहीं मिल पाएगा। अक्टूबर माह का वेतन जो नवंबर में दिया जाएगा, उसके साथ बढ़ी दर का लाभ कर्मचारियों के बैंक खातों में नहीं जाएगा। बढ़े डीए का भुगतान नवंबर माह के वेतन के साथ दिसंबर से होने की संभावना है। वहीं कर्मचारियो को दीवाली से पहले बोनस दे दिए जाने की पूरी तैयारी है, इसकी घोषणा सरकार जल्द करेगी।
केंद्र सरकार ने अब तक डीए देने का निर्णय नहीं लिया है। राज्य सरकार आमतौर पर केंद्र का आदेश जारी होने के बाद ही अपने कर्मचारियों के लिए भी डीए का आदेश जारी करती है। अगले दो-चार दिनों में आदेश जारी हो जाने पर भी कर्मचारियों को दीवाली से पहले मिलने वाले वेतन के साथ बढ़े भत्ते का लाभ नहीं मिल सकेगा। जुलाई से अक्टूबर तक के बढ़े डीए का एरियर भविष्य निधि खातों में जमा कराने के साथ अन्य राष्ट्रीय बचत पत्रों के रूप में दिया जाएगा। राज्य सरकार के विभाग अक्टूबर माह के वेतन के बिल तैयार कर चुके हैं और अब उनमें संशोधन नहीं किया जा सकता है।