जीसीसी समिट 2026: यूपी में वैश्विक निवेश बढ़ाने की तैयारी, स्थापित होंगे 500 नए ग्लोबल सेंटर्स
उत्तर प्रदेश में 26 अक्टूबर को यूपी जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 आयोजित होगी, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे यूपी जीसीसी समिट का उद्घाटन।
2031 तक 500 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य।
वैश्विक निवेश व विकास हेतु 15 समझौता ज्ञापनों पर होंगे हस्ताक्षर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश को वैश्विक कंपनियों के प्रमुख कारोबारी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए 26 अक्टूबर को लखनऊ के सेंट्रम होटल में यूपी जीसीसी इनोवेशन समिट-2026 आयोजित की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समिट उद्घाटन करेंगे। समिट में 15 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री पांच निवेशकों को लेटर आफ कंफर्ट जारी करेंगे।
आईआईटी कानपुर एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से इन्वेस्ट यूपी और एचसीएलटेक के सहयोग से आयोजित इस समिट में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास और वैश्विक कारोबार विस्तार पर चर्चा होगी।
राज्य सरकार ने वर्ष 2031 तक प्रदेश में 500 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में 200 से अधिक जीसीसी संचालित हैं।
उत्तर प्रदेश जीसीसी नीति-2024 के तहत पात्र निवेशकों को निर्धारित शर्तों के अनुसार 25 प्रतिशत तक पूंजीगत सब्सिडी और 50 प्रतिशत तक भूमि सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ लखनऊ को भी जीसीसी निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
आईआईटी कानपुर, आईआईटी बीएचयू और आईआईआईटी लखनऊ जैसे संस्थानों के माध्यम से उद्योग-अकादमिक सहयोग तथा कुशल प्रतिभाओं के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा। समिट में करीब 13 शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या हाईवे पर QR बोर्ड गायब, निर्माण लागत और कार्यदायी संस्था की पारदर्शिता पर उठे सवाल
