विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में अमेजन-फ्लिपकार्ट समेत 10 कंपनियों को नोटिस, गुमराह करने का आरोप; 15 दिन में जवाब तलब

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:43 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित 10 कंपनियों को हेल्थ सप्लीमेंट के नाम पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने के आरोप में नोटिस जारी किए हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. अमेजन, फ्लिपकार्ट सहित 10 कंपनियों को नोटिस जारी।

  2. हेल्थ सप्लीमेंट पर गुमराह करने का आरोप लगा।

  3. 15 दिन में जवाब न देने पर होगी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। स्वास्थ्य आहार (हेल्थ सप्लीमेंट) के नाम पर उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाली 10 कंपनियों को उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इनके उत्पाद ई-कामर्स साइटों पर बेचे जा रहे थे। संबंधित कंपनियों के प्रबंधन के साथ अमेजन सेलर सर्विसेज और एक मामले में फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड से भी 15 दिन में जवाब मांगा गया है।

संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने, आनलाइन सूची से हटाने और अभियोजन की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहराई से जांच के लिए अपर आयुक्त (प्रशासन) की निगरानी में समिति गठित की गई है। संयुक्त आयुक्त (खाद्य) हरि शंकर सिंह को इसका पर्यवेक्षक बनाया गया है।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर हमिंग हर्ब्स, प्योरसोर्स न्यूट्रिशन, डिस्निल बायोटेक, विटामेडिक हेल्थ न्यूट्रास्यूटिकल्स, न्यूट्रा हेल्थकेयर, हर्ब्स न्यूट्रीप्रोडक्ट्स, ट्रेक्सजेन फार्मास्यूटिकल्स, एमजी एंटरप्राइजेज, यूराफोर लाइफ साइंसेज और एचआइएम न्यूट्रिशन के निर्माताओं को नोटिस दिए गए हैं। इनके 10 उत्पादों में ऐसी सामग्री के इस्तेमाल पर सवाल उठाए गए हैं, जिनके कुछ फार्मूलेशन पहले अस्वीकृत हो चुके हैं या जिनके इस्तेमाल की अनुमति स्पष्ट नहीं है।

नोटिस के दायरे में नींद और तनाव से राहत देने, मांसपेशियों की वृद्धि, मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाने, बढ़ती उम्र के असर को कम करने और कैल्शियम की पूर्ति करने वाले उत्पाद शामिल हैं। इनमें 5-एचटीपी, गैबा, नाइट्रोसिजिन, निकोटिनामाइड राइबोसाइड, एनएडी प्लस, एनएमएन, योहिम्बे बार्क एक्सट्रैक्ट और रोडियोला रोजिया जैसी सामग्री के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई गई है।

कुछ कंपनियां अपने उत्पादों से कोशिकाओं में ऊर्जा बढ़ाने, डीएनए की मरम्मत करने, उम्र बढ़ने की प्रक्रिया धीमी करने, तनाव घटाने और मांसपेशियों की ताकत बढ़ाने के दावे कर रही हैं। विभाग ने इन दावों के समर्थन में वैज्ञानिक प्रमाण और संबंधित सामग्री के इस्तेमाल की अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं।

एफएसडीए ने उत्पादों की पैकिंग पर दी गई जानकारी और उनके प्रचार के तरीकों पर भी आपत्ति जताई है। कुछ उत्पादों के प्रचार में डाक्टरों की अनुशंसा, चिकित्सा पेशेवरों जैसी वेशभूषा और एफएसएसएआइ सहित प्रमाणन संस्थाओं के लोगो का इस्तेमाल किया गया है।

इससे उपभोक्ताओं में उत्पादों को चिकित्सकीय स्वीकृति मिलने का भ्रम पैदा होने की आशंका है।कई उत्पादों पर निर्माता और विक्रेता का पूरा पता, वैध लाइसेंस, रोजाना सेवन की अनुशंसित मात्रा और 'औषधीय उपयोग के लिए नहीं' जैसी जरूरी चेतावनियां स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं मिलीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।