विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में पूर्व अग्निवीरों के लिए खुलेंगे सरकारी नौकरी के नए दरवाजे, आरक्षण को लेकर वन विभाग बदलेगा नियमावली

Published: Wed, 07 Oct 2026 07:00 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार वन विभाग की भर्तियों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20% क्षैतिज आरक्षण का रास्ता खोल रही है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. वन विभाग में पूर्व अग्निवीरों को 20% क्षैतिज आरक्षण मिलेगा।

  2. वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक सीधी भर्ती में लाभ।

  3. नियमावली-2015 में संशोधन से नए अवसर खुलेंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा पूरी कर चुके युवाओं के लिए प्रदेश सरकार वन विभाग की भर्तियों में अवसर का रास्ता खोलने जा रही है। वन रक्षक और वन्यजीव रक्षक की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने की सैद्धांतिक सहमति पहले ही हो चुकी है अब इसे अमली जामा पहनाने के लिए उप्र अवर अधीनस्थ वन (वन रक्षक/वन्यजीव रक्षक) सेवा नियमावली-2015 में संशोधन किया जाएगा। विभाग प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में जुटा है और जल्द ही इसे कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा।

प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने के बाद वन विभाग में इन दोनों पदों की सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए अलग से 20 प्रतिशत कोटा निर्धारित होगा। खास बात यह है कि यह आरक्षण क्षैतिज आधार पर प्रत्येक श्रेणी में लागू होगा।

सरकारी नौकरी के खुलेंगे नए अवसर

यानी पूर्व अग्निवीर जिस आरक्षित या अनारक्षित श्रेणी से संबंधित होंगे, उनका समायोजन उसी श्रेणी के पदों में किया जाएगा। क्षैतिज आरक्षण से मौजूदा एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य आरक्षण व्यवस्था के हिस्से में कटौती किए बिना पूर्व अग्निवीरों को आरक्षण का लाभ दिया जा सकेगा।

नियमावली में संशोधन के बाद यह व्यवस्था वन विभाग की आगे होने वाली सीधी भर्तियों में लागू होने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे बड़ी संख्या में सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले पूर्व अग्निवीरों के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर खुलेंगे।

यह सुविधा उन अग्निवीरों को मिलेगी, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों में चार वर्ष की सेवा पूरी की है। पूर्व अग्निवीरों को यह आरक्षण भूतपूर्व सैनिकों की तर्ज पर ही मिलेगी।

यह भी पढ़ें- 'कभी यूपी में अराजकता के तांडव की दिखती थी डरावनी तस्वीर, अब माफिया मिट्टी में मिल गए'; काशी में बोले सीएम योगी