ट्रेन यात्रियों का खाना तैयार करने वाली रसोई में मिले चूहे-गंदगी, फूड डिपार्टमेंट ने की 43 कैटरिंग यूनिटों की जांच
उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने 'शुद्ध ही शुभ' अभियान के तहत रेलवे और हवाई जहाज की 43 कैटरिंग इकाइयों का निरीक्षण किया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
लखनऊ की रेलवे रसोई में चूहे और गंदगी मिली, बंद की गई।
सहारनपुर में गंदगी पर खाद्य पंजीकरण निरस्त, कानपुर में चावल जब्त।
यूपीएफएसडीए ने 43 रेलवे-एयरलाइन कैटरिंग इकाइयों का किया निरीक्षण।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ट्रेन यात्रियों के लिए खाना तैयार करने वाली लखनऊ की एक रसोई में गंदगी के साथ चूहे घूमते मिले, इस पर रसोई बंद करा दी गयी। सहारनपुर में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाने और रखने पर खाद्य पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है। कानपुर में बिना लेबल और निर्माण व उपयोग की तारीख के रखा 978 किलो चावल का चूरा जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (यूपीएफएसडीए) ने शुद्ध ही शुभ अभियान के तहत रेलवे की 41 और हवाई जहाजों में भोजन की आपूर्ति करने वाली 2 इकाइयों समेत कुल 43 प्रतिष्ठानों की जांच की। इनमें 30 रेलवे प्रतिष्ठानों में खामियां मिलीं। यहां से लिये गए खाद्य पदार्थों के 26 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त आयुक्त हरिशंकर सिंह ने बताया कि लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर नगर, आगरा, चंदौली, गोरखपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, बरेली और झांसी में रेलवे की रसोइयों और खाद्य सामग्री रखने की जगहों की जांच की गई। इस दौरान 30 प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण से जुड़ी कमियां मिलीं। खाद्य सामग्री का रिकार्ड और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के सुरक्षित होने के प्रमाणपत्र भी नहीं मिले।
प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण किया निरस्त
लखनऊ के ऐशबाग में मैसर्स चंद्र मौली मिश्रा की रसोई में गंदगी के साथ चूहे घूमते मिले। इस पर रसोई का संचालन बंद करा दिया गया। सहारनपुर में मोंटी कुमार पुत्र देवी शरण के प्रतिष्ठान पर भी गंदगी के बीच खाद्य सामग्री बनाई और रखी जा रही थी। इस पर प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीकरण निरस्त कर दिया गया है।
कानपुर नगर में आरके एसोसिएट्स एंड होटेलिएर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर 978 किलो चावल का चूरा मिला। इस पर न तो लेबल लगा था और न ही निर्माण व उपयोग की तिथि लिखी थी। चावल का चूरा जब्त कर लिया। संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें- 164.28 टन का वॉयलर लादकर सिद्धार्थनगर पहुंचा 250 पहियों वाला महाट्रक, बेल्जियम से लेकर आया 41 मीटर लंबा संयंत्र
लखनऊ और वाराणसी हवाई अड्डों पर हवाई जहाजों में भोजन की आपूर्ति करने वाली प्रदीप एयरकैटरर की रसोई की जांच में कर्मचारी मास्क और जूतों के ऊपर पहने जाने वाले सुरक्षा कवर के बिना मिले। रसोई चलाने के लिए जरूरी कागजात और प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की अलग पहचान नहीं की गई थी। इन कमियों को दूर करने के लिए संबंधित कैटरर को नोटिस दिया गया है।
