विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: अब पोस्टपेड मोड में ही मिलेगा नया कनेक्शन, Whatsapp पर मिलेगा बिल

Published: Fri, 08 May 2026 05:30 AM (IST)Updated: Fri, 08 May 2026 06:53 AM (IST)

उत्तर प्रदेश में अब नए बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के साथ पोस्टपेड मोड में ही मिलेंगे। 83 लाख से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर को वापस पोस्टपेड किया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। अब नया बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के पोस्टपेड मोड में ही मिलेगा। प्रदेशभर में अब तक 83 लाख से अधिक प्रीपेड मोड में किए जा चुके स्मार्ट मीटर को फिर से पोस्टपेड मोड में करने के साथ ही उपभोक्ताओं को पहले की तरह जून से बिल देने के संबंध में पावर कॉरपोरेशन के एमडी ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए हैं।

मई में उपभोग की गई बिजली का बिल उपभोक्ताओं को 10 जून तक एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा जाएगा। उपभोक्ताओं को अगले 15 दिन में बिल जमा करने की सुविधा मिलेगी।

15 दिन में बिल न जमा करने पर अगले सात दिन में कनेक्शन काट दिया जाएगा। 30 अप्रैल तक के बकाए बिल का घरेलू उपभोक्ता 10 किस्तों में जबकि अन्य श्रेणियों के उपभोक्ता तीन किस्तों में विलंब अधिभार सहित जमा कर सकेंगे।

तकनीकी दिक्कतों के चलते स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ताओं को हो रही दिक्कतों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े रुख के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने चार मई को प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर की व्यवस्था को समाप्त करने की घोषणा की थी।

चार दिन बाद गुरुवार को कॉरपोरेशन के एमडी नितीश कुमार ने पूर्वांचल, मध्यांचल, दक्षिणांचल, पश्चिमांचल डिस्कॉम व केस्को के प्रबंध निदेशकों को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए। सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में परिवर्तित करने संबंधी निर्णय के बारे में बताते हुए निर्देश दिए गए हैं कि अब सभी नये कनेक्शन स्मार्ट मीटर के माध्यम से पोस्टपेड मोड में ही दिए जाएंगे।

मई में बिजली खपत संबंधी बिल पोस्टपेड पद्धति में उपभोक्ताओं को 10 जून तक एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं। स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि स्मार्ट मीटर की आटोमैटिक रीडिंग न उपलब्ध होने पर मैनुअल रीडिंग कर अनिवार्य रूप से 10 तक बिल उपलब्ध कराया जाए।

उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड न हो या गलत हो तो उसे डिस्कॉम के संबंधित व्हाट्सएप नंबर पर कनेक्शऩ संख्या के माध्यम से अपडेट कराने के बारे में बताया जाए। 1912 के माध्यम से भी बिल हासिल किया जा सकेगा।

चार किस्तों में वापस ली जाएगी सिक्योरिटी धनराशि

पोस्टपेड को प्रीपेड मोड में करने पर बिल में समायोजित कर शून्य की जा चुकी सिक्योरिटी धनराशि फिर उपभोक्ताओं से ली जाएगी। वैसे तो एमडी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मौजूदा कास्ट डाटा बुक के अनुसार उपभोक्ताओं से सिक्योरिटी धनराशि जमा कराई जाएगी, लेकिन देर रात अपर मुख्य सचिव ऊर्जा व पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि आदेश को संशोधित किया जा रहा है।

स्पष्ट तौर पर कहा कि सभी उपभोक्ताओं की पूर्व में बतौर सिक्योरिटी जमा धनराशि के बराबर ही सिक्योरिटी धनराशि चार किस्तों में ली जाएगी। प्रीपेड से फिर पोस्टपेड मोड किए जाने पर कास्ट डाटा बुक-2026 के आधार पर अतिरिक्त सिक्योरिटी धनराशि उपभोक्ताओं को नहीं देनी होगी।

पहली किस्त जून में बिजली उपभोग के जुलाई में आने वाले बिल के साथ ली जाएगी। शेष तीन किस्त अगस्त, सितंबर व अक्टूबर के बिल के साथ जमा कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का असर, NCRB की रिपोर्ट में चमकी यूपी की कानून-व्यवस्था; अपराधी का बचना हुआ नामुमकिन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।