विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अक्टूबर महीने में घटकर आएगा बिजली बिल

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:35 AM (IST)

उत्तर प्रदेश के 3.73 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को अक्टूबर माह में बिल में 5.24% की कमी से राहत मिलेगी। ईंधन ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. अक्टूबर में 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत।

  2. बिल में 5.24 प्रतिशत की कमी, कुल 424 करोड़ का लाभ।

  3. ईंधन अधिभार शुल्क (FPPC) में कमी से उपभोक्ताओं को लाभ।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बिजली उपभोक्ताओं को लगातार चौथे माह अक्टूबर में भी बिजली के बिल से कुछ राहत मिलेगी। जून में 10 प्रतिशत ज्यादा बिजली का बिल देने वाले उपभोक्ताओं का जुलाई में 4.43 प्रतिशत, अगस्त में 2.92 प्रतिशत, सितंबर में रिकार्ड 7.93 प्रतिशत के बाद अब अक्टूबर में 5.24 प्रतिशत बिल कम होगा।

एफपीपीसीए (ईंधन एवं बिजली खरीद लागत समायोजन) के तहत जुलाई माह के ईंधन अधिभार शुल्क(फ्यूल सरचार्ज) में कमी को देखते हुए सितंबर के बिजली बिल पर अक्टूबर में सभी श्रेणियों के लगभग 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को 424 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। इस संबंध में पावर कारपोरेशन प्रबंधन द्वारा मंगलवार को आदेश जारी कर दिया गया है।

गौरतलब है कि कारपोरेशन प्रबंधन द्वारा पुराने भुगतान को अधिभार में शामिल कर जून में उपभोक्ताओं से 10 प्रतिशत ज्यादा बिल वसूलने पर विद्युत नियामक आयोग ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि वास्तविक बिजली खरीद की लागत एवं ट्रांसमिशन शुल्क के आधार पर ही अधिभार तय कर वसूला जा सकता है।

इसमें किसी अन्य माह की देनदारी के भुगतान या समायोजन को शामिल नहीं किया जा सकता। आयोग के आदेश के कारण ही जुलाई से लगातार उपभोक्ताओं को बिजली का कम ही बिल देना पड़ रहा है।

उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने कहा कि अब नियमानुसार एफपीपीसीए गणना सुनिश्चित किए जाने से उपभोक्ताओं को बिजली खरीद की लागत में कमी का लाभ मिलता रहेगा।

यह भी पढ़ें- Bijli Bill: 5000 रुपये से अधिक है बिजली बिल तो कट जाएगा कनेक्शन, पाकुड़ में घर-घर पहुंच रहे विभाग के कर्मी