विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bijli Bill: 5000 रुपये से अधिक है बिजली बिल तो कट जाएगा कनेक्शन, पाकुड़ में घर-घर पहुंच रहे विभाग के कर्मी

Published: Mon, 28 Sep 2026 05:17 PM (IST)

विद्युत विभाग ने पाकुड़ में 5000 रुपये से अधिक के बकायेदारों के खिलाफ बिजली कनेक्शन काटने का अभियान तेज कर दिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. पाकुड़ में 5000 रुपये से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे।

  2. सितंबर से शुरू अभियान में अब तक 200 से अधिक कनेक्शन कटे।

  3. विद्युत विभाग राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने में जुटा है।

संवाद सहयोगी, पाकुड़। राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने को लेकर विद्युत विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

सितंबर से 5000 रुपये से अधिक के बकाया वाले विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया गया है। विभाग के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सोमवार को पाकुड़ शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में करीब 15 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे गए। जिले में अभियान के तहत अब तक 200 से अधिक कनेक्शन काटे जा चुके हैं।

विद्युत विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले से 96 करोड़ 87 लाख 84 हजार रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके विरुद्ध अगस्त तक 42 करोड़ 40 लाख 52 हजार रुपये की वसूली हुई है। लक्ष्य की तुलना में अब तक करीब 43.77 प्रतिशत राजस्व की वसूली हो सकी है।

जल्द जमा कर दें बिजली बिल

विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र कुमार बेसरा ने बताया कि 22 अगस्त को सर्किट हाउस में हुई बैठक में विद्युत अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान तेज किया है।

विद्युत सहायक अभियंता आलोक कुमार केरकेटा और कनीय अभियंता आशीष कुमार पटेल ने बताया कि सोमवार को पाकुड़ शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 5000 रुपये से अधिक बकाया रखने वाले करीब 15 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।

अधिकारियों ने बकायेदार उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल का भुगतान करने की अपील की है, ताकि कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई से बचा जा सके।

यह भी पढ़ें- 15 अक्टूबर से UPI पेमेंट पर लगेगा MDR, पाकुड़ के व्यापारियों में बढ़ी चिंता; सरकार से पुनर्विचार की मांग