CM योगी के '1.27 करोड़ हिंदू वोटर गायब' वाले बयान पर आयोग का जवाब, कहा- जाति-धर्म के आधार पर नहीं जारी होते आंकड़े
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने के बयान पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रतिक्रिया दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चुनाव आयोग धर्म या जाति पर आंकड़े नहीं जारी करता।
2.58 करोड़ 'गायब' वोटर नई सूची में, कटे नहीं।
2.04 करोड़ नाम अनुपस्थिति, स्थानांतरण, मृत्यु से कटे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने संबंधी बयान पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि चुनाव आयोग धर्म या जाति के आधार पर कोई आंकड़ा जारी नहीं करता है। हालांकि, मतदाता सूची सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध है।
विभिन्न साफ्टवेयर के माध्यम से नाम या जेंडर के आधार पर उसका आकलन किया जा सकता है। मीडिया भी अक्सर इस तरह का विश्लेषण करती है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोकभवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जिस बयान को आधार बनाया जा रहा है, उसमें मतदाताओं के नाम गायब होने की बात कही जा रही है।
हम भी कह रहे हैं कि 2.58 करोड़ वोटर गायब हैं। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि ये सभी पहले मतदाता थे और एसआइआर में इनके नाम कटे हैं। एसआइआर में 2.04 करोड़ नाम जो कटे हैं वह अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व डुप्लीकेट श्रेणी में थे।
यह भी पढ़ें- SIR के बाद यूपी में बढ़े 18.84 लाख वोटर, कुल संख्या 13.58 करोड़ के पार; महिला मतदाताओं की भागीदारी में बड़ा उछाल
रिणवा ने स्पष्ट किया कि 2.58 करोड़ का आंकड़ा ऐसे मतदाताओं का है, जिनके नाम एसआइआर के बाद तैयार मतदाता सूची में नहीं हैं। इसे पहले से मतदाता रहे लोगों के नाम कटने का आंकड़ा मानना सही नहीं होगा। वहीं, धर्म के आधार पर मतदाताओं के नामों में कमी या बढ़ोतरी का कोई आधिकारिक आंकड़ा आयोग जारी नहीं करता है।