विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Diwas 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी दिवस पर उत्तर प्रदेश के लोगों को दी बधाई

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 24 Jan 2026 12:35 PM (IST)

UP Diwas 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी--मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी--मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. पीएम मोदी ने कहा- काशी का सांसद होने के कारण मेरे लिए यूपी दिवस और विशेष

  2. सीएम योगी आदित्यनाथ बोले-बीमारू से निकलकर विकास का ग्रोथ इंजन बना उत्तर प्रदेश

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊः उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई संदेश भेजा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 जनवरी को यूपी दिवस के आयोजन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए बधाई संदेश में कहा कि मैं सभी उत्तर प्रदेश वासियों को यूपी दिवस की बधाई देता हूं। मैं काशी का सांसद हूं और उत्तर प्रदेश के लोगों ने मुझे चुनकर लोकसभा में भेजा है इसलिए यह दिन मेरे लिए और भी विशेष हो जाता है।

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों से मुझे जो प्रेम और आत्मीयता मिली है वह मेरे लिए बहुत बड़ी पूंजी है। उन्होंने बधाई संदेश कहा है कि उत्तर प्रदेश की मिट्टी में कुछ खास है। उत्तर प्रदेश ने हमेशा अपने सामर्थ्य से, प्रतिभा से देश के विकास को गति दी है। मुझे खुशी है कि हमारा राज्य आज ‘विकास भी और विरासत भी‘ के मंत्र का उत्तम उदाहरण बन रहा है। यूपी में प्रभु राम की जन्म भूमि अयोध्या, प्रभु श्रीकृष्ण की जन्म भूमि मथुरा-वृन्दावन है, इसी भूमि पर सारनाथ से भगवान बुद्ध का ज्ञान विश्व को प्राप्त हुआ था। महाकुंभ और अभी चल रहा माघ मेला यूपी के सांस्कृतिक सामर्थ्य को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह सामर्थ्य राज्य में पर्यटन की अपार संभावनाओं को साकार कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश तेजी के साथ एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था की तरफ बढ़ रहा है। अपने विशाल जन सामर्थ्य के साथ आज उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर भारत अभियान को बल दे रहा है। उत्तर प्रदेश दिवस राज्य के हर नागरिक के लिए संकल्प का भी अवसर है। जब हम सामूहिक शक्ति से विकास का निर्धारित लक्ष्य लेकर चलेंगे तो यूपी की प्रगति से देश के विकास को भी नई गति मिलेगी।

उत्तर प्रदेश दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से आगे बढ़कर आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते कुछ वर्षों में ऐतिहासिक बदलाव देखा है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहलाने वाला उत्तर प्रदेश आज भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। संघर्ष, अव्यवस्था और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए प्रदेश ने महिला सशक्तिकरण, चिकित्सा सेवाओं, रोजगार सृजन और समग्र विकास के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मेरे बहनों और भाइयों, आप को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक बधाई। हमारा प्रदेश असीम संभावनाओं से भरा हुआ है और आज वह अपनी सामर्थ्य को साकार कर रहा है।