यूपी की 9350 पंचायतों में 10 दिन में पूरा करना होगा डिजिटल लाइब्रेरी का काम, मंत्री ओपी राजभर ने दिए निर्देश
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालयों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई है।

9350 पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय का काम 10 दिन में पूरा करने के निर्देश।
HighLights
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने डिजिटल पुस्तकालयों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
यूपीडेस्को को 9,350 पंचायतों में 10 दिन में काम पूरा करने का निर्देश।
दूसरे चरण के लिए एक सप्ताह में कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालयों की स्थापना में धीमी प्रगति पर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कारपोरेशन (यूपीडेस्को) को निर्देश दिया है कि पहले चरण की 11,350 पंचायतों में से शेष 9,350 पंचायतों में पुस्तकालयों की स्थापना का कार्य 10 दिनों में पूरा किया जाए।
मंत्री ने दूसरे चरण के लिए राज्य सरकार की आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की तीन संस्थाओं से चर्चा करने के साथ ही एक सप्ताह के अंदर कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को विधान भवन स्थित मंत्री के कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के साथ ही यूपी इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन (यूपीएलसी), यूपीडेस्को तथा अपट्रान पावरट्रानिक्स लि. के अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौैरान मंत्री व पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र ने यूपीएलसी, यूपीडेस्को तथा अपट्रान पावरट्रानिक्स के अधिकारियों से डिजिटल पुस्तकालय के दूसरे चरण का काम करने के लिए एक सप्ताह के अंदर कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
मंत्री ने पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं आधार सेवा केंद्र, ग्राम पंचायत सचिवों को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने के साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह, यूपीएलसी की प्रबंध निदेशक जसजीत कौर, यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राना तथा अपट्रान पावरट्रानिक्स के उप प्रबंधक रतन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- OPD List: कानपुर, उन्नाव सहित 13 जिलों के प्रमुख अस्पतालों की ओपीडी सूची, 02 अक्टूबर को कौन से डॉक्टर रहेंगे उपलब्ध
