यूपी की 11,350 ग्राम पंचायतों में जल्द शुरू होंगे डिजिटल पुस्तकालय, चुनाव से पहले हो जाएगा काम
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र ने कार्यभार संभाला और मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात की।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
प्रमुख सचिव रविंद्र ने पंचायती राज विभाग का कार्यभार संभाला।
मंत्री राजभर से 11,350 डिजिटल पुस्तकालयों के कार्य पर चर्चा।
दूसरी किश्त के 454 करोड़ रुपये से कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव अनिल कुमार के स्थनांतरण के बाद मंगलवार को प्रमुख सचिव रविंद्र ने विभाग का कामकाज संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय मंत्री ओम प्रकाश राजभर से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की।
दोनों ने विभागीय योजनाओं पर चर्चा की, जिसमें प्रथम चरण की दूसरी किश्त 454 करोड़ रुपये से और 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालयों की स्थापना का कार्य जल्द शुरू कराने का मुद्दा शामिल था।
उल्लेखनीय है कि दूसरी किश्त की धनराशि से काम कराने के माध्यम को लेकर पूर्व प्रमुख सचिव और विभागीय मंत्री के बीच सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके बाद से निर्णय के लिए यह फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई है।
मंत्री राजभर ने बताया है कि डिजिटल पुस्तकालय योजना की दूसरी किश्त 454 करोड़ रुपये से भी 11,350 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों की स्थापना की जाएगी और यह कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। विधानसभा चुनाव से पहले इन पंचायतों के युवा डिजिटल पुस्तकालयों में अध्ययन करने लगेंगे।
सूत्रों के अनुसार, सरकार दूसरी किश्त से पुस्तकालयों की स्थापना का कार्य यूपी इलेक्ट्रानिक कारपोरेशन, यूपी डेवलेपमेंट सिस्टम्स कारपोरेशन, साफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क नोएडा तथा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान लखनऊ में से किसी एक संस्था को सौंप सकती है।
पहली किश्त की धनराशि 454 करोड़ रुपये से 11,350 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालय की स्थापना का कार्य चल रहा है, जो अगले महीने तक पूरा हो जाएगा। इस कार्य में भ्रष्टाचार की शिकायत मंत्री ने मुख्यमंत्री से की थी और अनुरोध किया था कि दूसरी किश्त का कार्य एकीकृत रूप से राज्य सरकार की किसी संस्था से कराया जाए।
