विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अभेद्य साइबर कवच से सुरक्षित होगा यूपी: लखनऊ में जुटेंगे दिग्गज, साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर होगा मंथन

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:36 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 25 नवंबर को लखनऊ में एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सरकारी डेटा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को साइबर हमलों से बचाने की रणनीति पर मंथन होगा, जिसमें एआई और क्वांटम तकनीक के खतरों पर भी चर्चा होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. लखनऊ में 25 नवंबर को साइबर सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन।

  2. सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर सुरक्षा पर होगी गहन चर्चा।

  3. एआई, क्वांटम तकनीक के साइबर खतरों पर विशेषज्ञ विचार रखेंगे।

डिजिटल टीम, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 25 नवंबर को लखनऊ में शासन, पुलिस, तकनीक और उद्योग जगत के दिग्गज एक मंच पर जुटेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप आयोजित विशेष कार्यशाला में प्रदेश के सरकारी डेटा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने की रणनीति पर मंथन होगा। विशेषज्ञ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम तकनीक और बदलते डिजिटल परिदृश्य से उत्पन्न खतरों से निपटने के उपायों के साथ विभागों के बीच समन्वय और तकनीकी क्षमता बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

साइबर सुरक्षा मजबूत करने पर होगा मंथन

उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) की ओर से 25 नवंबर को आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और वैश्विक तकनीकी कंपनी सिस्को की संयुक्त भागीदारी रहेगी। गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रस्तावित इस आयोजन में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के दिग्गज और शिक्षाविद शामिल होंगे।

साइबर सुरक्षा की तैयारी

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत, सक्रिय और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप बनाना है। इसमें सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की मौजूदा सुरक्षा तैयारियों के आकलन पर चर्चा होगी। एआई आधारित साइबर हमलों, डेटा चोरी, डिजिटल प्लेटफॉर्म की कमजोरियों और क्वांटम तकनीक से भविष्य में उत्पन्न होने वाले सुरक्षा जोखिमों से बचाव के उपायों पर भी विशेषज्ञ विचार रखेंगे।

डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ नागरिकों के डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी चर्चा का प्रमुख विषय होगा। साइबर घटनाओं की समयबद्ध पहचान, त्वरित प्रतिक्रिया और नुकसान को न्यूनतम करने के लिए संस्थागत तंत्र मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

पांच प्रमुख उद्देश्यों पर केंद्रित होगा मंथन

यूपीएसआईएफएस के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी ने बताया कि कार्यशाला में पांच प्रमुख उद्देश्यों को केंद्र में रखकर रणनीतिक चर्चा होगी। पहले उद्देश्य के तहत एआई, क्वांटम और अन्य उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले साइबर खतरों के प्रति शासन-प्रशासन में जागरूकता और रणनीतिक समझ विकसित की जाएगी। दूसरे उद्देश्य में सरकारी विभागों, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और महत्वपूर्ण सूचना प्रणालियों की मौजूदा साइबर सुरक्षा तैयारियों का आकलन किया जाएगा।

 तकनीकी समाधानों पर विचार 

तीसरे उद्देश्य के तहत साइबर गवर्नेंस, साइबर घटनाओं के प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने के उपाय तलाशे जाएंगे। चौथे उद्देश्य में एआई आधारित खतरों और क्वांटम युग की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए भविष्य की सुरक्षा प्रणालियों और तकनीकी समाधानों पर विचार होगा।

पांचवें उद्देश्य के तहत सरकार, उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाकर साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और क्षमता निर्माण को प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशाला में सरकारी सेवाओं के संचालन में एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर भी चर्चा होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।