Covid Vaccination में UP ने बनाया नया रिकार्ड, 16 करोड़ लोगों को मिल गई टीके की दोनों डोज
Corona Vaccination in UP उत्तर प्रदेश की आबादी 24 करोड़ है। सभी वयस्क आबादी को टीके की पहली डोज लग चुकी है। संपूर्ण आबादी में करीब 99 प्रतिशत आबादी को टीका लगाया जा चुका है। संक्रमित मरीजों को उनके घर पर ही सेवाएं दी जा रही हैं।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने रविवार को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण में नया रिकार्ड बनाया है। यूपी में 16 करोड़ से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज दी जा चुकी है। वहीं, कुल 33 करोड़ 92 लाख से अधिक लोगों को टीके की डोज दी जा चुकी है। इससे टीकाकरण अभियान में देश में यूपी पहले पायदान पर स्थान बनाए हुए है। प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए बेहतरीन रणनीति के तहत काम कर रही है।
प्रदेशवासियों को टीके का कवच देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अधिकारियों को समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यूपी पहला प्रदेश है जहां कम समय में सबसे ज्यादा टीकाकरण किया गया। प्रदेश में 33,92,79,038 टीके की डोज दी जा चुकी है। इसमें 17,54,89,656 को पहली और 16,02,66,806 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। अब तक यूपी में 35,22,576 को प्रीकाशन डोज दी जा चुकी है।
यूपी 33 करोड़ टीके की डोज देने के बाद जल्द ही 34 करोड़ टीके की डोज देने वाला पहला राज्य होगा। यूपी सरकार समयबद्ध तरीके से 12 से 17 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को टीकाकरण कवर दे रही है। अब तक 15-17 आयु वर्ग के बच्चों को 2,60,80,643 से अधिक टीके की डोज दी जा चुकी है और 12-14 आयु वर्ग के बच्चों को 1,37,51,108 से अधिक टीके की डोज दी जा चुकी है।
सभी व्यस्कों को मिल चुकी पहली डोज : उत्तर प्रदेश की आबादी 24 करोड़ है। सभी वयस्क आबादी को टीके की पहली डोज लग चुकी है। संपूर्ण आबादी में करीब 99 प्रतिशत आबादी को टीका लगाया जा चुका है। संक्रमित मरीजों को उनके घर पर ही सेवाएं दी जा रही हैं। संक्रमितों की 24 घंटे की मानीटरिंग, दवाओं की उपलब्धता, टेस्ट, सैनिटाइजेशन के साथ ही उस इलाके में कोविड गाइडलाइन का पालन कड़ाई से कराया जा रहा है।
ये पांच राज्य टीकाकरण में अव्वल
- उत्तर प्रदेश - 33.92 करोड़
- महाराष्ट्र - 16.90 करोड़
- पश्चिम बंगाल - 14.16 करोड़
- बिहार - 13.52 करोड़
- मध्य प्रदेश - 12.01 करोड़