बेसिक शिक्षा विभाग की पहल: अब यूपी के परिषदीय स्कूलों में हर कक्षा के मेधावियों का होगा सम्मान
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 15 फरवरी से 15 मार्च तक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होंगे। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
परिषदीय विद्यालयों में 15 फरवरी से 15 मार्च तक पुरस्कार समारोह।
उत्कृष्ट छात्रों, अभिभावकों, एसएमसी सदस्यों को मिलेगा सम्मान।
पुरस्कारों के लिए प्रति कक्षा पांच हजार रुपये की वित्तीय सीमा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 फरवरी से 15 मार्च के बीच पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे। पीएम श्री विद्यालयों को इस आयोजन से बाहर रखा गया है।
हर कक्षा से परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, सर्वाधिक उपस्थिति और विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र-छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, बच्चों की उपलब्धियों में सहयोग करने वाले अभिभावकों और सक्रिय विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। समारोह में ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों, एसएमसी सदस्यों और सभी अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा। शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से और बच्चों द्वारा बनाए गए निमंत्रण कार्ड के माध्यम से आमंत्रित करना होगा।
पांच हजार की वित्तीय सीमा निर्धारित
प्रत्येक कक्षा से एक छात्र या छात्रा को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। समारोह में शामिल सभी छात्रों को उत्साहित करने के लिए टाफी, चाकलेट और स्टेशनरी सामग्री वितरित की जाएगी। पुरस्कारों के लिए पांच हजार रुपये तक की वित्तीय सीमा निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में बनेंगे चार ROB और 4 नए पुल, 18 लाख की आबादी को होगा फायदा; हरौनी-केसरी खेड़ा आरओबी का काम शुरू
सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित कराएं। वहीं, पीएम श्री योजना के तहत प्रदेश के 1129 चयनित विद्यालयों में स्कूल बैंड और बैंड यूनिफार्म खरीदी जाएगी। प्रत्येक स्कूल में 25 छात्रों के लिए यूनिफार्म उपलब्ध होगी। बैंड में विभिन्न उपकरण शामिल होंगे, और इसका उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में किया जाएगा।
