यूपी में जिला सहकारी बैंकों की शाखाओं में शुरू होगी आधार सेवा, Aadhaar बनवाने और अपडेट कराने की भी होगी सुविधा
उत्तर प्रदेश के सहकारी बैंकों में अब आधार कार्ड बनवाने और अपडेट करने की सुविधा मिलेगी। यह सेवा पहले यूपीएससीबी ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सहकारी बैंकों में आधार कार्ड बनवाने-अपडेट करने की सुविधा।
यूपीएससीबी के बाद जिला सहकारी बैंकों में भी सेवा।
ग्रामीण क्षेत्रों में एम-पैक्स से मिलेगी आधार सेवा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्टेट कोआपरेटिव बैंक (यूपीएससीबी) सहकारिता क्षेत्र का पहला बैंक है, जहां आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने की सुविधा दी जा रही है।
प्रदेश में कार्यरत 50 जिला सहकारी बैंकों की 1260 शाखाओं में भी जल्द ही यह सेवा शुरू होगी। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय बहुद्देशीय प्रारंभिक कृषि ऋण समितियों (एम-पैक्स) के माध्यम से आधार सेवा केंद्र की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
गुरुवार को यूपीएससीबी की तालकटोरा शाखा के वातानुकूलित नए भवन का उद्घाटन करते हुए राठौर ने कहा कि सहकारी बैंकों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर ग्राहकों को बेहतर, सुगम, सुरक्षित और त्वरित सेवाएं देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सहकारी बैंकों पर ग्राहकों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में इनके माध्यम से कई नई सेवाएं शुरू की जाएंगी।
मंत्री ने कहा कि त्योहारों के इस सीजन में यूपीएससीबी सस्ते दर पर लोगों को घर व वाहन के लिए ऋण दे रहा है। महज 7.25 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर गृह ऋण, 7.60 प्रतिशत ब्याज दर पर कार ऋण तथा 7.99 प्रतिशत ब्याज दर पर दो पहिया वाहनों के लिए बैंक ऋण दे रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सहकारिता एके शुक्ला, आयुक्त सहकारिता कुमार प्रशान्त, यूपीएससीबी के सभापति जितेंद्र बहादुर सिंह, अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) अनिल कुमार सिंह, पीसीएफ के प्रबंध निदेशक नीरज शुक्ला और यूपीएससीबी के प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ उपस्थित थे।
