'यूपी में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस', कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का बड़ा बयान
कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने घोषणा की है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनावों में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी।

यूपी में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस- राजेंद्र पाल गौतम।
HighLights
कांग्रेस 2027 यूपी विधानसभा में 150 से कम सीटों पर नहीं लड़ेगी।
गठबंधन में सीट बंटवारे पर फैसला अक्टूबर में होने की उम्मीद है।
कांग्रेस राज्य की सभी 403 सीटों पर उम्मीदवार रखती है।
एजेंसी, नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और उसके गठबंधन सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर अक्टूबर में फैसला होने की उम्मीद है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी।
गौतम ने कहा कि कांग्रेस के पास राज्य की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार मौजूद हैं। गठबंधन के तहत कांग्रेस 50 प्रतिशत सीटें पाने की हकदार है। कांग्रेस 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ेगी।
उन्होंने कहा, पिछले दो महीनों से कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे पर काम कर रही है। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और मैं इस काम को देख रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आईएनडीआए के मुख्य घटक हैं। दोनों पार्टियों ने राज्य में 2024 का लोकसभा चुनाव गठबंधन सहयोगियों के तौर पर लड़ा था।
उधर, भाजपा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति बनाने और अपनी संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने के लिए तीन और चार अक्टूबर को मथुरा में दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक करेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
