बिकनी में वायरल तस्वीरों पर मेरठ के हस्तिनापुर से कांग्रेस की प्रत्याशी अर्चना गौतम ने दी सफाई
UP Chunav 2022 कांग्रेस की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्या ने जहां टिकट के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है वहीं बिकनी गर्ल अर्चना गौतम को इंटरनेट मीडिया पर वायरल अपने फोटो तथा कई वीडियो को लेकर सफाई देनी पड़ रही है।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की सत्ता की वापसी के प्रयास में लगी कांग्रेस ने गुरुवार को 135 प्रत्याशियों की सूची में भले ही 40 प्रतिशत महिलाओं को स्थान दिया है, लेकिन कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद विवाद भी चरम पर हैं। सारा विवाद महिलाओं को ही लेकर है। कांग्रेस की पोस्टर गर्ल डा. प्रियंका मौर्या ने जहां टिकट के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है, वहीं बिकनी गर्ल अर्चना गौतम को इंटरनेट मीडिया पर वायरल अपने फोटो तथा कई वीडियो को लेकर सफाई देनी पड़ रही है।
कांग्रेस ने मेरठ के हस्तिनापुर से माडल तथा अभिनेत्री अर्चना गौतम को अपना प्रत्याशी घोषित किया। उनका नाम आने के बाद ही इंटरनेट मीडिया पर इनकी सैकड़ों फोटो तथा अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले कई वीडियो वायरल हो गए। इसके बाद अर्चना गौतम को अपनी सफाई देने उतरना पड़ा। अर्चना गौतम ने कहा कि मैंने मिस बिकिनी 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। मैं मिस उत्तर प्रदेश 2014 और मिस कॉस्मो वर्ल्ड 2018 थी। अर्चना गौतम एक एक्ट्रेस, मॉडल और ब्यूटी पेजेंट विजेता हैं। अर्चना गौतम ने साल 2014 में मिस उत्तर प्रदेश बनी थीं। इसके बाद वह मिस बिकिनी इंडिया, मिस बिकिनी यूनिवर्स इंडिया और मिस बिकिनी यूनिवर्स की विजेता बनीं। उन्होंने मिस कॉसमॉस वर्ल्ड 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया था।
उन्होंने कहा कि मैं लोगों से अनुरोध करती हूं कि वे मेरे राजनीतिक करियर के साथ मीडिया उद्योग में मेरे पेशे का विलय न करें। यह सब मेरे पेशे का हिस्सा है। अब मैं लोगों की सेवा करने के लिए राजनीति में उतर रही हूं। आप मुझे जीतने में सहयोग दें।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मेरठ में हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र के माडल एवं अभिनेत्री अर्चना गौतम को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस ने किठौर विधानसभा क्षेत्र से बबीता गुर्जर को प्रत्याशी घोषित किया गया। मेरठ की सात में से दो विधानसभा क्षेत्र के दोनों प्रत्याशी महिलाएं हैं। मेरठ में जन्मी माडल एवं अभिनेत्री अर्चना गौतम कुछ समय पहले ही कांग्रेस में शामिल हुई हैं। आइआइएमटी से इन्होंने बीजेएमसी किया है। इन्होंने हिंदी फिल्मों में ग्रेट ग्रैंड मस्ती, हसीना पार्कर समेत कुछ साउथ की फिल्मों में भी काम किया है। मॉडल व अभिनेत्री अर्चना गौतम ने प्रियंका वाड्रा के लड़की हूँ लड़ सकती हूं अभियान से प्रेरित होकर नवम्बर में कांग्रेस की सदस्यता ली है। बबिता गुर्जर काग्रेंस में काफी समय से सक्रिय हैं।