मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने राजनीतिक दलों से मांगी मदद, हर बूथ पर BLA नियुक्त करने का निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिए राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा है।

लखनऊ में मंगलवार को लोक भवन में पत्रकारों को संबोधित करते मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा। जागरण
HighLights
निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग मांगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हर बूथ पर बीएलए नियुक्त करने को कहा।
दावा-आपत्ति फॉर्मों की निगरानी बीएलए द्वारा की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) में मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिए राजनीतिक दलों से भी सहयोग मांगा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने को कहा है।
बीएलए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए जमा होने वाले फार्मों की निगरानी करेंगे। दावा एवं आपत्ति अवधि में बीएलए एक दिन में अधिकतम 10 फार्म ही बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को दे सकेंगे। पूरी अवधि में 30 से अधिक फार्म जमा करने पर उनका दोबारा सत्यापन कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने को कहा है। दावा एवं आपत्ति अवधि में जमा होने वाले फार्मों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी प्रकाशित की जाएगी। प्रतिदिन संकलित कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया जाएगा। यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगी।
पुनरीक्षण कार्य में अपने दायित्वों के उल्लंघन के दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), समाजवादी पार्टी और अपना दल (एस) के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।