विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के केंद्रीय प्लेसमेंट पोर्टल से ढाई लाख छात्र जुड़े, उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:45 AM (IST)

केंद्रीय ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट पोर्टल से 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी और तीन हजार से ज्यादा तकनीकी संस्थान जुड़ चुके हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पोर्टल से 2.50 लाख विद्यार्थी और 3000 से अधिक संस्थान जुड़े।

  2. रोजगार बढ़ाने हेतु कंपनियों की भागीदारी पर जोर दिया जा रहा।

  3. भविष्य में चयनित विद्यार्थियों के पैकेज का ब्योरा भी उपलब्ध होगा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के तकनीकी विद्यार्थियों को एक ही मंच पर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए सेंट्रल ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट पोर्टल से अब तक 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी और तीन हजार से अधिक तकनीकी संस्थान जुड़ चुके हैं।

हालांकि, विद्यार्थियों की संख्या के मुकाबले पोर्टल पर फिलहाल रोजगार के अवसर कम हैं। ऐसे में प्राविधिक शिक्षा विभाग और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का जोर अब अधिक से अधिक कंपनियों को पोर्टल से जोड़ने और उनकी रिक्तियां उपलब्ध कराने पर है।

जुलाई में शुरू किया केंद्रीकृत पोर्टल

प्राविधिक शिक्षा विभाग ने एकेटीयू के सहयोग से तैयार केंद्रीकृत पोर्टल को जुलाई में शुरू किया था, जिस पर छात्रों, तकनीकी संस्थानों और उद्योगों को एक डिजिटल मंच पर लाना है। पोर्टल पर कंपनियां अपनी रिक्तियां अपलोड कर सकती हैं, जबकि विद्यार्थी अपनी प्रोफाइल और रिज्यूमे बनाकर योग्यता के अनुसार नौकरियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आईटी और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की कंपनियां फिलहाल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में आगे हैं। पोर्टल पर अभी पांच लाख रुपये तक के वार्षिक पैकेज वाली नौकरियां प्रदर्शित हुई थीं, लेकिन उपलब्ध पदों की संख्या अभी सीमित है।

पोर्टल पर अभी कंपनियों का पंजीकरण विद्यार्थियों की संख्या की तुलना में कम है। इसे देखते हुए पिछले सप्ताह डेलाइट के साथ हुई विश्वविद्यालय स्तर की बैठक में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने और अधिक से अधिक कंपनियों का पंजीकरण कराने पर जोर दिया गया।

वार्षिक पैकेज का ब्योरा भी रहेगा उपलब्ध

एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय के अनुसार, कंपनियों को पोर्टल से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भविष्य में पोर्टल पर चयनित विद्यार्थियों की संख्या और उन्हें मिले वार्षिक पैकेज का ब्योरा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्रों को उपलब्ध नौकरियों की जानकारी मिलने के साथ संस्थानों को अपने प्लेसमेंट की वास्तविक स्थिति समझने में मदद मिलेगी।

फिलहाल एकेटीयू, हारकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) कानपुर, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) गोरखपुर और उनसे संबद्ध तकनीकी संस्थानों के अलावा पालिटेक्निक डिप्लोमा क्षेत्र के विद्यार्थी भी पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पोर्टल की उपयोगिता तभी पूरी तरह सामने आएगी, जब छात्रों की बड़ी संख्या के अनुरूप कंपनियां भी पर्याप्त संख्या में रिक्तियां लेकर आएंगी।

यह भी पढ़ें- रोजगार मेले में 532 युवाओं का हुआ चयन, 15 कंपनियों ने उपलब्ध कराए रोजगार के अवसर

यह भी पढ़ें- आईआईटी बीएचयू और जापान टैलेंडी होल्डिंग्स के बीच हुआ एमओयू, जापान की कंपनियों में इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर