जनगणना-2027: यूपी में 16 नवंबर से होगी स्वगणना, मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से स्वगणना शुरू होगी।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
मुख्य सचिव ने जनगणना-2027 की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान चलेगा।
श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य जांच और सामाजिक सुरक्षा शिविर लगेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी जिलाधिकारियों को दिए हैं। 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जनसंख्या गणना और पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, सुपरवाइजर का प्रशिक्षण समय पर पूरा कराने और स्वगणना के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा।
मुख्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी 75 जिलों के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों, निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्लस्टरों में एक से तीन दिन के श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए।
इनमें स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श, दवाएं और जरूरत पर रेफरल के साथ महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता व सुरक्षा पर जागरूकता होगी। श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा के लिए भी शिविर लगाए जाएंगे।
डा. आंबेडकर मूर्ति स्थल विकास योजना के सभी काम 31 दिसंबर तक पूरे करने और लंबित जनप्रतिनिधि प्रस्ताव तत्काल लेने को कहा गया। पीएम सूर्यघर योजना में यूपी रूफटाप सोलर इंस्टालेशन में देश में दूसरे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश
धीमे जिलों में वेंडरों को सक्रिय करने, लंबित बैंक ऋण निपटाने तथा सरकारी भवनों के सोलराइजेशन व ईवी चार्जिंग स्टेशन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बाबूजी कल्याण सिंह ग्राम उन्नयन और दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के प्रस्ताव भी जल्द भेजने को कहा गया।
