विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर एकजुट हुआ यूपी, रन फॉर यूनिटी से गूंजा एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:36 PM (IST)

उत्तर प्रदेश में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. उत्तर प्रदेश में सरदार पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई।

  2. रन फॉर यूनिटी, शपथ ग्रहण, भाषण प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम हुए।

  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न वर्गों ने उत्साह से भाग लिया।

डिजिटल डेस्‍क, लखनऊ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी, प्रभात फेरी, शपथ ग्रहण, भाषण प्रतियोगिता और संगोष्ठियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ से गाजियाबाद, गोरखपुर, महराजगंज, मुजफ्फरनगर, कौशाम्बी और मिर्जापुर तक सरकारी कार्यालयों, पुलिस इकाइयों, रेलवे और शिक्षण संस्थानों में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संकल्प लिया गया।

जनभवन से केडी सिंह स्टेडियम तक दौड़े युवा

लखनऊ में जनभवन से केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक रन फॉर यूनिटी रैली निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित युवा संवाद में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। साथ ही युवाओं को विकसित भारत की नींव बताते हुए चुनौतियों का सामना करने और पूरी परिपक्वता से दायित्व निभाने का आह्वान किया।

पुलिस-प्रशासन से रेलवे तक एकता की शपथ

प्रदेशभर के सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली। गाजियाबाद में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ, जबकि महराजगंज के सभी थानों और कौशाम्बी पुलिस ने भी राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। गोरखपुर स्थित द्वितीय वाहिनी विशेष सुरक्षा बल में सेनानायक रवि शंकर निम (आईपीएस) ने कार्मिकों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता से राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई।

मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत सभागार और मंडलायुक्त कार्यालय में भी आयोजन हुए। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने चारबाग रेलवे स्टेडियम में रेलकर्मियों को शपथ दिलाई। इसके बाद स्टेडियम से लखनऊ रेलवे स्टेशन तक रन फॉर यूनिटी निकाली गई, जिसमें रेलवे अधिकारी, कर्मचारी, आरपीएफ जवान और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य शामिल हुए।

स्कूलों में प्रभात फेरी, भाषण प्रतियोगिता

प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में प्रभात फेरी, भाषण प्रतियोगिता और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन और योगदान से परिचित कराया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। मिर्जापुर के सरदार जिला संप्रेक्षा गृह में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठियों और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए लौह पुरुष के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया गया। इन आयोजनों में प्रशासन, पुलिस, रेलवे, शिक्षण संस्थानों और आम नागरिकों की भागीदारी ने राष्ट्रीय एकता दिवस को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया। वहीं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान, स्थानीय निकाय निदेशालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।