भूतपूर्व सैनिकों के लिए UP के 13 जिलों में बनेंगे पॉलीक्लीनिक, मुफ्त जमीन ट्रांसफर के लिए मिली हरी झंडी
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने भूतपूर्व सैनिकों के लिए 13 जिलों में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने हेतु स्थानीय सैन्य प्राधिकरण को निःशुल्क भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
यूपी के 13 जिलों में बनेंगे भूतपूर्व सैनिक पॉलीक्लिनिक।
स्थानीय सैन्य प्राधिकरण को निःशुल्क भूमि हस्तांतरण को मंजूरी।
18 लाख भूतपूर्व सैनिकों को मिलेगा कैशलेस उपचार का लाभ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत प्रदेश के 13 जिलों में पालीक्लीनिक की स्थापना की जाएगी। स्थानीय सैन्य प्राधिकरण (एलएमए) सेंट्रल कमांड भारत सरकार द्वारा इस क्लीनिक की स्थापना और संचालन किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को कैबिनेट ने पालीक्लीनिक के निर्माण के लिए एलएमए को ग्राम पंचायत व स्थानीय प्राधिकरणों की भूमि के निश्शुल्क हस्तांतरण के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
ईसीएचएस रक्षा मंत्रालय के भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग की एक प्रमुख योजना है, जिसे वर्ष 2003 में शुरू किया गया था। इसके तहत देश में ईसीएचएस पालीक्लीनिक्स और सशस्त्र सेना चिकित्सा सुविधाओं, सरकारी-निजी अस्पतालों (पैनलबद्ध) के नेटवर्क के माध्यम से भूतपूर्व सैनिक पेंशन भोगियों और उनके आश्रितों को निश्शुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
एलएमए ने इटावा, जालौन, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, देवरिया, सुलतानपुर, आजमगढ़ और गोंडा में पालीक्लीनिक्स की स्थापना के लिए सरकार से भूमि की आवश्यकता जताई थी। जिसके बाद समाज कल्याण विभाग की ओर से भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार किया गया था।
यह भी पढ़ें- यूपी में खुलेंगी 900 नई कोर्ट, न्यायालयों के लिए 6656 रेगुलर और 2428 आउटसोर्स पोस्टों काे भी मिली मंजूरी
अब कैबिनेट की स्वीकृति के बाद इन क्लीनिक की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। विभाग के अनुसार प्रदेश में लगभग 18 लाख भूतपूर्व सैनिक हैं, जिन्हें इन पालीक्लीनिक्स के माध्यम से चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
