विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी भाजपा की सबसे बड़ी कार्यसमिति घोषित: पीएम मोदी-सीएम योगी समेत 712 कार्यकर्ताओं को मिला स्थान, देखें लिस्ट

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:16 PM (IST)Updated: Mon, 26 Oct 2026 09:46 PM (IST)

भाजपा ने आगामी चुनावों और मिशन-2029 की तैयारी में जुटी उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सबसे बड़ी प्रदेश कार्यसमिति में 712 कार्यकर्ताओं का समायोजन।

  2. पीएम मोदी, सीएम योगी समेत 30 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल।

  3. 30-31 अक्टूबर को लखनऊ में होगी कार्यसमिति की बैठक।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान सभा चुनाव और मिशन-2029 की तैयारी में जुटी भाजपा ने ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं के समायोजन पर फोकस करते हुए सबसे बड़ी प्रदेश कार्यसमिति घोषित कर दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक समेत 30 लोगों को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है, जिसमें सर्वाधिक सात चेहरे अवध क्षेत्र से हैं।

चुनावी समीकरणों को देखते हुए विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या 134 रखी गई, जिसमें ब्रज क्षेत्र की भागीदारी ज्यादा रही। प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की संख्या 548 कर दी गई है। कुल मिलाकर 712 कार्यकर्ताओं का समायोजन किया गया है।

स्थायी आमंत्रित सदस्यों के नाम की सूची

स्थायी आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय पदाधिकारियों स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा, संगीता यादव, भोला सिंह, तारिक मंसूर, अमरपाल मौर्य एवं कुंवर बासित अली को शामिल किया गया है, वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्यप्रताप शाही, डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, डॉ. महेंद्र नाथ पांडे, स्वतंत्र देव सिंह एवं भूपेंद्र चौधरी को भी स्थान दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल, कीर्तिवर्धन सिंह, अध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग साध्वी निरंजन ज्योति एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का भी नाम शामिल है।

वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्यों की 134 सदस्यों की सूची में ब्रज क्षेत्र से सबसे ज्यादा 32 चेहरों को जगह दी गई है। काशी से 24, जबकि पश्चिम क्षेत्र से 23 और अवध क्षेत्र के 19 कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों, सांसदों, राज्यसभा सदस्यों एवं योगी सरकार के मंत्रियों को स्थान दिया गया है।

गोरखपुर क्षेत्र से 128 पदाधिकारी 

प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों में सबसे ज्यादा गोरखपुर क्षेत्र से 128 पदाधिकारियों को रखा गया है। अवध से 114, जबकि काशी से 108 लोगों को सूची में जगह दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कहना है कि सूची में सभी क्षेत्रों एवं जातियों को स्थान दिया गया है। समर्पित एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया गया है।

लखनऊ में होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक

30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश, क्षेत्र एवं जिले में जगह न बना सकने वाले अनुभवी एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को कार्यसमिति में जगह देकर उन्हें चुनावी रूप से सक्रिय करने का प्रयास किया है।

यह भी पढ़ें- 'PM मोदी के पिता का अपमान बर्दाश्त नहीं', दिल्ली की सड़कों पर उतरे भाजपाई; बोले- बिना शर्त माफी मांगें खरगे

यह भी पढ़ें- चकराता में भाजपा को बड़ा झटका, बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल के समर्थकों ने दिया सामूहिक इस्तीफा