यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का आह्वान- बूथ जीता तो चुनाव जीता फार्मूले पर करें काम
उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश अवध क्षेत्र के रायबरेली, अंबेडकरनगर और लखनऊ जिले की समन्वय बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ जीता तो चुनाव जीता फार्मूले पर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों और श्रमिकों के बीच पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को पहल करने की बात कही।
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विधान परिषद और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पार्टी पूरी ताकत से मैदान में है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि को पूरे मनोयोग से लगना होगा। विपक्ष के षडयंत्र को विफल करने के साथ अपने समर्थकों का उत्साहवर्धन भी करना होगा।
आज लखनऊ में अवध क्षेत्र के रायबरेली, अम्बेडकर नगर व लखनऊ जिले की समन्वय बैठक में संगठन के सशक्तिकरण व विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। pic.twitter.com/sAlRUOc2of— Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) September 15, 2020
बूथ और सेक्टर स्तर पर तैयारी को गंभीरता से करने का जिक्र करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। इसीलिए माहौल खराब करके समाज में विद्वेष फैलाने की कोशिश हो रही है। स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों और श्रमिकों के बीच पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को पहल करने की बात कही।
सहकारी ग्राम विकास बैंक निदेशकों का चुनाव आज : उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के निदेशक मंडल के चुनाव को नामांकन पत्र जमा करने का कार्य बुधवार को होगा। कुल 14 निदेशकों का चुनाव होना है परंतु हालात देखते हुए सभी निदेशक निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। गोरखपुर क्षेत्र के संतराज यादव, बागपत के केपी मलिक, मुक्तेश्वर सिंह व रामशरण जैसे नामों का चुना जाना तय है। करीब तीन दशक बाद बैंक के निदेशक बोर्ड पर भाजपा का कब्जा होगा। सभी दावेदारों को नामांकन से पूर्व भाजपा कार्यालय बुलाया गया है।