Move to Jagran APP

यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- वहां सोनिया माता को पूजने की परंपरा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस में सोनिया माता को पूजने की परंपरा है जबकि भाजपा में भारत माता को पूजने की परंपरा है। इसी वजह से लोग भाजपा की विचारधारा से जुड़ते जा रहे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Fri, 11 Jun 2021 06:45 AM (IST)Updated: Fri, 11 Jun 2021 03:36 PM (IST)
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- वहां सोनिया माता को पूजने की परंपरा
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस में सोनिया माता को पूजने की परंपरा है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कांग्रेस में सोनिया माता को पूजने की परंपरा है, जबकि भाजपा में भारत माता को पूजने की परंपरा है। इसी वजह से लोग भाजपा की विचारधारा से जुड़ते जा रहे हैं। गुरुवार को स्वतंत्र देव ने ट्वीट कर कांग्रेस पर निशाना साधा और कांग्रेस छोड़कर आने वालों के बारे में स्थिति भी स्पष्ट कर दी।

loksabha election banner

यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का यह ट्वीट उस वक्त काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब कांग्रेस में राहुल गांधी की कोर टीम बिखराव के मुहाने पर पहुंच गई है। तीन पीढ़ी से कांग्रेस की मुख्य धारा में जुड़े परिवार से ताल्लुक रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद द्वारा भाजपा की सदस्यता लेना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूूत्रों का कहना है कि अभी कई बड़े नाम भाजपा नेतृत्व के संपर्क में है। प्रदेश में कांग्रेस की जड़ें जमाने में लगी प्रियंका वाड्रा की कोशिशें पुराने नेताओं को साधे रखने में नाकाम सिद्ध हो रही हैं।

स्वतंत्रदेव आज सीतापुर व लखीमपुर में : कोरोना पीड़ित कार्यकर्ताओं के घरों पर जाकर संवेदना व्यक्त करने के अभियान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शुक्रवार को सीतापुर व लखीमपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे। मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि स्वतंत्र देव सिंह सीतापुर के गांव सिधौली, नई बस्ती, पचपोखरा व गोदरी सरैंया जाएंगे। इसके अलावा लखीमपुर जिले में भी दिवंगत हुए विभिन्न कार्यकर्ताओं के परिजनों से मिलकर सांत्वना देंगे।

भाजपा का सेवा ही संगठन अभियान 15 जुलाई तक : कोरोना संक्रमितों की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें दुष्प्रभावों से निजात दिलाने के लिए भाजपा द्वारा प्रत्येक जिले में पोस्ट कोविड सेंटर स्थापित किए जाएंगे। सेवा ही संगठन अभियान के तहत आगामी 15 जुलाई तक इन विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि अभियान को लेकर सभी 98 संगठनात्मक जिलों में बैठकें संपन्न हो चुकी हैं। पोस्ट कोविड सेंटरों के अलावा वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता लाने के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर विकसित करने तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जन सामान्य तक पहुंचाने का काम भी होगा। योग व ध्यान शिविर भी लगाए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल अभियान की नियमित निगरानी कर रहे हैं। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा ही संगठन को मूलमंत्र मानकर पूरी क्षमता के साथ जन-जन की सेवा में लगा है।

मोर्चा-प्रकोष्ठों को सौंपी जिम्मेदारी : अभियान को सफल बनाने के लिए प्रभारी व सह प्रभारी तैनात करने के अलावा मोर्चा व प्रकोष्ठों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। युवा मोर्चा व आईटी सेल के कार्यकर्ता लोगों को टीकाकरण रजिस्ट्रेशन में सहायता भी उपलब्ध कराएंगे। टीकाकरण अभियान के प्रभारी महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला तथा प्रदेश मंत्री संजय राय रहेंगे। जिलों में पोस्ट कोविड सेंटरों के संचालन की निगरानी प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता व प्रदेश मंत्री रामचंद्र कनौजिया करेंगे। सांसदों, विधायकों, आयोगों, निगमों व बोर्डों के अध्यक्षों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर सक्षम केंद्र बनाने का जिम्मा सौंपा गया है। एनजीओ तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी जोड़कर अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इसका प्रभारी प्रदेश महामंत्री प्रियंका रावत व प्रदेश मंत्री त्रयंबक नाथ त्रिपाठी को बनाया गया है। अभियान के प्रभारी प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य व प्रदेश मंत्री सुभाष यदुवंश बनाए गए हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.