विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा ने शुरू की शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारी, प्रत्याशी को जीत दिलाने में जुटेंगे पन्ना प्रमुख

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:57 PM (IST)

UP MLC Election 2026: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अब चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी का समय है। प्रत्येक ...और पढ़ें

अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक

अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक

HighLights

  1. पन्ना प्रमुखों को मतदान कराने तक की जिम्मेदारी, हर जिले में बनेगा चुनाव कार्यालय

  2. प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने दिए चुनाव प्रबंधन मजबूत करने के निर्देश

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों पर चुनाव के लिए भाजपा पूरी ताकत झोंकने जा रही है। कोशिश है कि उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव से पहले हो रहे इस चुनाव में बड़ी जीत हासिल कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके।

पार्टी ने इसके लिए सामान्य चुनाव की तर्ज ही मतदान प्रबंधन की रणनीति बनाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शिक्षक-स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें और विधान सभा स्तर पर शिक्षक-स्नातक सम्मेलन तत्काल शुरू करने के लिए भी कहा गया है।

पार्टी के राज्य मुख्यालय पर शनिवार को अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि अब चुनाव की अंतिम मोर्चेबंदी का समय है। प्रत्येक कार्यकर्ता को मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर मतदान के दिन उन्हें केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

शिक्षक और स्नातक चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहने की धारणा को संगठन दूर करे। कोई भी योग्य मतदाता संपर्क से छूटना नहीं चाहिए। पन्ना प्रमुखों को दायित्व दिए जाएं। मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित कर उनसे नियमित संवाद और मतदान दिवस की योजना तैयार करें। उन्होंने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने और काल सेंटर सक्रिय करने के भी निर्देश दिए।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल के स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट हों। मतदाता सूची संगठन की चुनावी रणनीति का आधार है। पन्ना प्रमुख अपने पन्ने के प्रत्येक मतदाता से संपर्क, संवाद और मतदान तक की जिम्मेदारी संभाले।

मतदान दिवस की कार्ययोजना पहले से तैयार होनी चाहिए। प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने भी नामांकन से मतदान तक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया। प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी संजय राय ने तैयारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, महामंत्री राजीव मिश्रा आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, चुनावी तैयारियों के बीच भेंट

यह भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ ने बारिश से जान-माल और आर्थिक नुकसान का लिया संज्ञान, राहत व बचाव कार्य के निर्देश