विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एशियन गेम्स में यूपी के 12 खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, जीते 16 पदक; योगी सरकार देगी इनाम

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:13 AM (IST)

आइची-नागोया एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के 12 खिलाड़ियों ने 5 स्वर्ण सहित कुल 16 पदक जीतकर राज्य का मान ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. यूपी के 12 खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में 16 पदक जीते।

  2. इनमें 5 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं।

  3. योगी सरकार 25.5 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगी।

विकास मिश्र, लखनऊ। आइची-नागोया एशियाई खेल उत्तर प्रदेश के लिए सुखद रहा है। एशियन गेम्स में गए भारतीय दल में उत्तर प्रदेश के 24 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 12 ने पांच स्वर्ण समेत 16 पदक जीते हैं। यूपी के लिए सोने का तमगा जीतने वाले सभी पांच खिलाड़ियों ने टीम स्पर्धाओं में स्वर्णिम सफलता हासिल की।

अब योगी आदित्यनाथ की सरकार अपने वायदे के मुताबिक प्रतिभाग करने और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 25.5 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार व उपलब्धि के मेडल के साथ सम्मानित करेगी। रविवार को आखिरी दिन होगा, पर वे सभी स्वर्धाएं समाप्त हो गई हैं जिनमें उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी हिस्सा लिया। उत्तर प्रदेश खेल विभाग एशियाई खेल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निरंतर नजरें टिकाए हैं।

उसके मुताबिक इस एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक जीते हैं। पिछले एशियाई खेलों में राज्य से 39 खिलाड़ियों ने हिस्सेदारी की और सात स्वर्ण, नौ रजत व आठ कांस्य पदक अपने नाम किए थे।

इन्होंने जीते स्वर्ण पदक

उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने जितने भी स्वर्ण पदक जीते सभी टीम इवेंट के हैं। इनमें दीप्ति शर्मा (महिला क्रिकेट, आगरा), बाराबंकी के विप्रज निगम (पुरुष क्रिकेट), गाजीपुर के राजकुमार पाल (हाकी), मुजफ्फनगर के अर्जुन देशवाल (कबड्डी), सहारनपुर की प्राची चौधरी (4गुणा 400 मीटर रिले) के सोने का तमगा शामिल है।

इनमें दीप्ति शर्मा और अर्जुन देशवाल का का लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक है। इन दोनों ने पिछले एशियाई खेल में भी स्वर्ण अपने नाम किए थे। वहीं प्राची चौधरी के खाते में 4 गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में पिछले एशियाई खेल में रजत पदक आया था।

गुलवीर ने जीते दो रजत व एक कांस्य

अलीगढ़ के लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने इस एशियाई खेल में कमाल का प्रदर्शन किया। भले ही उनके हिस्से में स्वर्ण पदक नहीं आया, लेकिन उन्होंने अफ्रीकी मूल के एथलीटों के बीच 1500 मीटर और 10000 मीटर में रजत पदक जीतकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय पटल पर प्रदेश का नाम रोशन किया। इसके अलावा 5000 मीटर की दौड़ में कांस्य पदक जीता।

गुलवीर एशियाई खेलों में दो से अधिक व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले देश के पहले पुरुष एथलीट बने। गुलवीर के अलावा नोएडा के जय कुमार ने 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में रजत पदक हासिल किया। जय कुमार 4 गुणा 400 मीटर रिले में तीसरे नंबर पर रहे।

पारुल के दोहरे कांस्य

पिछले एशियाई खेलों में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली मेरठ की स्टार एथलीट पारुल चौधरी ने इस बार प्रदर्शन तो अच्छा किया, पर उन्हें कांस्य से ही संतोष करना पड़ा। पारुल ने 5000 मीटर और अपनी प्रिय स्पर्धा 3000 मीटर स्टीपलचेज में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक जीते। इनके अलावा 4 गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण जीतने वाली प्राची चौधरी ने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।

भारतीय दल में सबसे उम्रदराज निशानेबाज खुर्जा के मेराज अहमद खान का यह तीसरा एशियाई खेल था। उन्होंने पहली पार स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। हाल ही में सुर्खियों में आए जौनपुर के जैवलिन थ्रोअर रोहित कुमार ने भी कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि अमेठी के नौकायन खिलाड़ी सलमान खान ने मिक्स टीम स्पर्धा में कांस्य पदक यूपी की झोली में डाला।

भव्य सम्मान समारोह की तैयारी

राज्य सरकार की योजना के तहत एशियाई खेल में पदक जीतने वालों को नगद पुरस्कार और प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को तीन करोड़, रजत पदक को 1.5 करोड़ और कांस्य पदक जीतने वाले को 75 लाख रुपये मिलेंगे। प्रतिभाग करने वालों को पांच-पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस हिसाब से गुलवीर सिंह को दो रजत और एक कांस्य एवं प्राची चौधरी को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने पर 3.75-3.75 करोड़ रुपये की धनराशि मिलेगी। वैसे गुलवीर को राष्ट्रमंडल खेल में एक रजत और एक कांस्य पदक जीतने के लिए 1.25 करोड़ अतिरिक्त मिलेंगे।

किस खिलाड़ी को कितनी धनराशि मिलेगी
स्वर्ण पदक विजेता- सभी को तीन-तीन करोड़ रुपये
दीप्ति शर्मा (आगरा-क्रिकेट), विप्रज निगम (क्रिकेट-बाराबंकी), अर्जुन देशवाल (कबड्डी-मुजफ्फरनगर), प्राची चौधरी (सहारनपुर-4गुणा 400 मीटर रिले), राजकुमार पाल (गाजीपुर- हाकी)।
रजत पदक विजेता- सभी को 1.5-1.5 करोड़ रुपये
गुलवीर सिंह (अलीगढ़-10000 मीटर एवं 1500 मीटर), जय कुमार (नोएडा-4गुणा 400 मीटर रिले)।
कांस्य पदक विजेता- सभी को 75-75 लाख रुपये
सलमान खान (अमेठी-डबल स्कल नौकायन), मेराज अहमद खान (खुर्जा-स्कीट टीम), प्राची चौधरी (सहारनपुर-400 मीटर), पारुल चौधरी (मेरठ- 5000 मीटर एवं 3000 मीटर स्टीपलचेज), रोहित यादव (जौनपुर-जैवलिन थ्रो), जय कुमार (4गुणा 400 मीटर रिले) और गुलवीर सिंह (अलीगढ़-5000 मीटर)।

निश्चित तौर पर प्रदेश के एथलीटों ने अपने प्रदर्शन से हम सबका मान बढ़ाया है। पहले महिला टीम और फिर पुरुष टीम ने इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने मलेशिया को आसानी से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मेरे लिए यह कभी न भूल पाने वाला क्षण है। -डॉ. आरपी सिंह, खेल निदेशक एवं अध्यक्ष, भारतीय हाकी टीम