योगी सरकार की पारदर्शी भर्ती व्यवस्था में एक और कदम, पहले दिन सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का पहला दिन शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके ...और पढ़ें

HighLights
सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का प्रथम दिन शांतिपूर्ण संपन्न।
एआई तकनीक से परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई।
कुल 79.60 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के क्रम में सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा का प्रथम दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय लिखित परीक्षा गुरुवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों- प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पहले दिन दो पालियों में कुल 24 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 79.60 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।
एआई तकनीक से परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी
परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में अत्याधुनिक एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम स्थापित किया गया था। यहां से आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में परीक्षा केंद्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की सतत लाइव निगरानी की गई। तकनीक आधारित इस व्यवस्था ने परीक्षा संचालन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पहली पाली में 15 और दूसरी में नौ विषयों की परीक्षा
प्रथम पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक शिक्षाशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, विधि, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, चित्रकला, दर्शनशास्त्र, उर्दू, सांख्यिकी, भूगर्भ विज्ञान, कृषि रसायन, कृषि अर्थशास्त्र, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान तथा मानवशास्त्र सहित 15 विषयों की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, गणित, संगीत गायन, कृषि वनस्पति, कृषि प्रसार, कृषि अभियंत्रण एवं संगीत वादन-तबला सहित नौ विषयों की लिखित परीक्षा आयोजित की गई।
दोनों पाली में 50,994 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार, दोनों पालियों को मिलाकर कुल 50,994 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जो कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों का 79.60 प्रतिशत है। प्रथम पाली में पंजीकृत 32,145 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 24,907 (77.48 प्रतिशत) तथा द्वितीय पाली में पंजीकृत 31,921 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 26,087 (81.72 प्रतिशत) अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा में 20,275 महिला अभ्यर्थियों (78.03 प्रतिशत) और 30,719 पुरुष अभ्यर्थियों (80.67 प्रतिशत) ने प्रतिभाग किया।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के लिए सरकार की प्रतिबद्धता
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से निर्विघ्न संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग के लिए संबंधित जनपदों के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।