विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सपा के साथ गठबंधन की सीट संख्या तय करने को लेकर कांग्रेस की नई दिल्ली में बैठक, शीर्ष नेतृत्व और यूपी के नेता कर रहे मंथन

Published: Mon, 16 Nov 2026 01:12 PM (IST)

SP-Congress Seat Number Equation For UP Election: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कांग्रेस के 181 सीटों पर दावेदारी ठोकने का बयान देकर कांग्रेस में हलचल बढ़ा दी।

नई दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की उत्तर प्रदेश के आलाकमान के साथ बैठक

नई दिल्ली में सोमवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की उत्तर प्रदेश के आलाकमान के साथ बैठक

HighLights

  1. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के साथ बैठक

  2. मीटिंग में यूपी कांग्रेस के प्रभारी आरपी गौतम के साथ प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा व कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बेहद गंभीर कांग्रेस का समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन तो तय हो गया है, अब सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों में मंथन जारी है। मंगलवार को इनके बीच सीटों की संख्या फाइनल होने से पहले कांग्रेस का शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व सोमवार को नई दिल्ली में मंथन कर रहा है।

समाजवादी पार्टी के साथ उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सीटों के बंटवारे को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सांसद राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी की उपस्थिति में बैठक हो रही है। इस बैठक में संख्या तय होगी।

इस बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना  मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद हैं। यह सब मिलकर संख्या तय कर लेंगे और मंगलवार को समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से साथ सीटों की संख्या फाइनल हो जाएगी।
विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे के मुद्दे पर मंगलवार को पहली बैठक प्रस्तावित है। इससे पहले ही कांग्रेस अपना पक्ष मजबूत करने में लगी है और पार्टी का लक्ष्य सीटों की संख्या को लेकर अपनी जोरदार दावेदारी पेश करने का है।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले से यह बात कहते आ रहे हैं कि सपा के साथ बराबरी और सम्मान का गठबंधन होगा। इसके तहत कांग्रेस की 200 सीटों पर दावेदारी बनती है। सपा कांग्रेस के 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। कांग्रेस की तरफ से अभी तक गठबंधन के लिए 200 सीटों की ही बात सामने आ रही थी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कांग्रेस के 181 सीटों पर दावेदारी ठोकने का बयान देकर कांग्रेस में हलचल बढ़ा दी। कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा घरों पर झंडे लगाकर सीटों के बंटवारे को लेकर सपा पर दबाव बनाना चाह रही है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में तीन दशक से ज्यादा समय से सत्ता से बेदखल चल रही कांग्रेस मतदाताओं तक अपनी मौजूदगी का संदेश भी पहुंचा पाएगी। फिलहाल विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच लंबे समय से सीटों के बंटवारे की चल रही बातचीत का नतीजा इसी माह सामने आने की उम्मीद की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।