विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में नशा तस्करों की कमर तोड़ रही ANTF, 2026 में अब तक 217 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त; 412 तस्कर गिरफ्तार

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:00 AM (IST)

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने 2026 में अब तक 183 अभियान चलाकर 217.81 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और 412 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एएनटीएफ ने 2026 में 217.81 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त किए।

  2. इस वर्ष 412 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

  3. 'ऑपरेशन व्रज' के तहत कार्रवाई में तेजी आई है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मादक पदार्थों के तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने इस वर्ष 17 नवंबर तक 183 अभियान चलाकर 217.81 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस दौरान 412 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।

इस वर्ष शुरू हुए ऑपरेशन व्रज के तहत बरामदगी के मूल्य के लिहाज से अब तक एएनटीएफ के लिए सबसे प्रभावी रहा है। वर्ष 2022 से अब तक 517 अभियानों में 47,050.25 किलोग्राम मादक पदार्थ पकड़े गए हैं, जिनकी कीमत 578.36 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस अवधि में 1,393 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं और 43 को सजा दिलाई गई है।

एएनटीएफ के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में नवंबर-दिसंबर के दौरान छह अभियान चलाकर 10 आरोपित गिरफ्तार किए गए थे। इस दौरान 28.89 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुए, जिनकी कीमत 3.14 करोड़ रुपये थी। वर्ष 2023 में कार्रवाई का दायरा बढ़ा और 90 अभियानों में 282 आरोपित गिरफ्तार किए गए। इस वर्ष 10,369.14 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुए, जिनकी कीमत 73.85 करोड़ रुपये थी।

इस साल अब तक 36 आरोपी न्यायालय से दोषी

वर्ष 2024 में एएनटीएफ ने 118 अभियान चलाकर 315 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 12,934.53 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनकी कीमत 134.98 करोड़ रुपये आंकी गई। वर्ष 2025 में 120 अभियानों में 374 आरोपित गिरफ्तार हुए और 12,810.60 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए। इनकी कीमत 148.58 करोड़ रुपये थी।

वर्ष 2026 में कार्रवाई और तेज हुई। 17 नवंबर तक एएनटीएफ 183 अभियान चला चुकी है। इन कार्रवाइयों में 412 आरोपित गिरफ्तार किए गए और 10,907.09 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुए, जिनकी कीमत 217.81 करोड़ रुपये है। इस वर्ष अब तक 36 आरोपितों को न्यायालय से दोषी हुई है। पिछले वर्षों के मुकाबले अभियान, गिरफ्तारी और बरामदगी के मूल्य में बढ़ोतरी एएनटीएफ की कार्रवाई के विस्तार को दर्शाती है।

एसएसपी एएनटीएफ चक्रेश मिश्र के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। तस्करों के साथ उनके सप्लाई नेटवर्क, वित्तीय स्रोतों और पूरे सिंडिकेट की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाना भी प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें- यूपी में अपराधों पर लगा लगाम: 'योगी की पाती' युवा संवाद में गूंजा सुशासन का मुद्दा, बुलडोजर से कानून-व्यवस्था में आए बदलाव पर मंथन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।