विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP में 140 लाख हेक्टेयर पर बोआई का महाप्लान तैयार; गेहूं-दलहन को लेकर कृषि मंत्री ने क्या दिया अपडेट?

Published: Tue, 29 Sep 2026 09:36 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों की बोआई का लक्ष्य रखा है, जिसमें गेहूं, दलहन और तिलहन प्रमुख हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. यूपी में रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर बोआई का लक्ष्य।

  2. गेहूं के लिए 100 लाख, दलहन-तिलहन के लिए 20-20 लाख हेक्टेयर।

  3. कृषि मंत्री ने दलहन बीज वितरण लक्ष्य बहाल करने का अनुरोध किया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस बार रबी सीजन में 140 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों की बोआई कराई जाएगी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को रबी अभियान-2026 के तहत राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर (एनएससी) नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन में इस लक्ष्य की जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य में लगभग 100 लाख हेक्टेयर में गेहूं और 20-20 लाख हेक्टेयर में दलहन व तिलहन की बोआई की जाएगी।

कृषि मंत्री ने रबी फसलों के लिए प्रमाणित बीज वितरण के लक्ष्य को पूर्व निर्धारित 98,137 क्विंटल पर बहाल करने का अनुरोध किया। कहा कि चना, मटर और मसूर के बीज उत्पादन लक्ष्य को कम करने से राज्य बीज निगम सहित प्रदेश के रबी क्षेत्र पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।

प्रदेश सरकार दलहन व तिलहन विस्तार के लिए मिशन मोड पर कार्य कर रही है और 12 जिलाें में कृषि उन्नति योजना व धन-धान्य योजना का क्रियान्वयन कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले युवाओं को मिलेगा बड़ा तोहफा, प्रदेश की 11350 पंचायतों में जल्द बनेंगी डिजिटल लाइब्रेरी

बताया कि हाल ही में अतिवृष्टि से लगभग पांच लाख किसानों की फसल क्षति की सूचना पर कृषि विभाग और बीमा कंपनियों द्वारा सर्वेक्षण कराया जा रहा है, ताकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावों का त्वरित निस्तारण हो सके। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर व भागीरथ चौधरी सहित सभी राज्यों के कृषि मंत्री उपस्थित थे।