विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी-112 परिसर में 450 विद्यार्थियों को मिले साइबर सुरक्षा के टिप्स, ऑनलाइन ठगी और सुरक्षित इंटरनेट के प्रति किया गया जागरूक

Published: Sat, 10 Oct 2026 03:48 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत लखनऊ के यूपी-112 परिसर में 450 छात्रों और शिक्षकों के लिए साइबर जागरूकता ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लखनऊ में 450 छात्रों-शिक्षकों ने साइबर जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।

  2. ऑनलाइन धोखाधड़ी, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के टिप्स दिए गए।

  3. साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के लिए 1930 पर शिकायत करने की अपील।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ/ नई दिल्ली। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (National Cyber Security Awareness Month – NCSAM) अक्टूबर 2026 के अंतर्गत दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को यूपी-112 परिसर, लखनऊ में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री विनोद कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, यू0पी0-112/सीआईडी एवं साइबर क्राइम, उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल शहीद पथ, एलनहाउस पब्लिक स्कूल, विज्ञान फाउंडेशन सहित विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 450 विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। प्रतिभागियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध फाइल एवं एप डाउनलोड करने, ओटीपी साझा करने तथा ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से बचने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, यूपी-112 की कार्यप्रणाली एवं आपातकालीन सहायता सेवाओं के संबंध में जानकारी देकर आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध सहायता के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर साइबर क्राइम मुख्यालय, उत्तर प्रदेश से श्री पवन कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक; श्री राजेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक; श्री प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक; श्री रोहन झा, पुलिस अधीक्षक; व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे तथा यूपी-112 मुख्यालय से श्री डॉ. के. एजिलरसन, पुलिस महानिरीक्षक; श्रीमती निधि सोनकर, पुलिस अधीक्षक; श्री हरेन्द्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सम्मानित पत्रकारगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर खतरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना रहा।

उत्तर प्रदेश पुलिस की आमजन से अपील
उत्तर प्रदेश पुलिस आमजन से अपील करती है कि इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, संदिग्ध फाइल या एप डाउनलोड न करें तथा अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर 6 अंडरपास के निर्माण की मिली मंजूरी, जाम की समस्या होगी दूर