कासगंज में दो सहेलियों ने मौत को गले लगाया
लखनऊ। कासगंज के गांव ढोलना एवं इनायती में एक विद्यालय में पढ़ने वाली दो छात्राओं ने अपने घरा
लखनऊ। कासगंज के गांव ढोलना एवं इनायती में एक विद्यालय में पढ़ने वाली दो छात्राओं ने अपने घरों में आत्महत्या कर ली। एक फांसी के फंदे पर झूल गई, तो दूसरी की मौत कैसे हुई, यह साफ नहीं है। लोग ऑनर किलिंग की आशंका जता रहे हैं। दोनों के शवों का अंतिम संस्कार कर परिजनों के फरार हो जाने से इस आशंका को और बल मिल रहा है।
भगवान देवी इंटर कॉलेज में ढोलना की लटूरी सिंह की 14 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी कक्षा नौ तथा इसी क्षेत्र के गांव इनायती निवासी फूल सिंह की 15 वर्षीय पुत्री सोनम कक्षा 10 की छात्रा थीं। दोनों के बीच घनिष्ठ दोस्ती थी। शनिवार सुबह सोनम ने अपने ही घर के बरामदे में लगे एंगिल पर झूलकर जान दे दी। लक्ष्मी ने भी शनिवार को ही मौत को गले लगा लिया, लेकिन किस तरह, यह पता नहीं चल सका। गांव में चर्चा थी कि छात्रा की छत से गिरकर मृत्यु हुई है। दोनों का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया और घरों से फरार हो गए। घटना के पीछे कोई प्रेम प्रसंग, तो कोई गृहक्लेश बता रहा है। दोनों छात्राएं घटना से दो दिन पूर्व विद्यालय से देरी से लौटी थीं।
कासगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी एके सिंह ने बताया कि पुलिस को भेजकर जानकारी कराई जा रही है।