पर्स से चुरा रहीं थी रुपये-महिला ने मचाया शोर, पुलिस ने दबोचा
राजाजीपुरम सेक्टर डी स्थित पीएनबी बैंक से महिला के पर्स से रुपये चुराकर भाग रही दो महिला चोरों पुलिस ने गिरफ़तार कर लिया। पीडि़त महिला ने तहरीर दे दी है।
लखनऊ, जेएनएन: राजाजीपुरम डी ब्लॉक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में बुधवार दोपहर महिला ग्राहक की पर्स से पैसा निकालना दो महिला चोरों को भारी पड़ गया। ग्राहक के शोर मचाने पर दोनों महिला चोर भागने लगीं। जिसपर महिला ग्राहक पड़ोस में पुलिस बूथ पर पहुंची और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पारा थाना क्षेत्र स्थित तुलसीबिहार निवासी रविन्द्र कुमार की पत्नी अनीता सिंह दोपहर एक बजे राजाजीपुरम डी ब्लॉक स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा से पैसा निकालने के लिए आईं थी। पैसा निकालने के बाद पासबुक में इंट्री कराने के लिए काउंटर पर खड़ी थी। पीछे से दो अज्ञात महिलाएं बच्चे के साथ पहुंच गई और अनीता के बैग से पैसा निकाल रही थी। अनीता के बैग से पैसा निकालते हुए दूसरे ग्राहक ने देख लिया और अनीता को जानकारी दी। जिस पर अनीता ने शोर मचाते हुए महिला को पकड़ लिया। लेकिन महिला चोर धक्का देकर हाथ छुड़ाकर अपने साथी के साथ भागने लगी। अनीता ने पास में स्थित पुलिस बूथ में बैठे दारोगा हाशिम रजा रिजवी को जानकारी दी।
दारोगा ने दोनों महिलाओं को जलालपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया और पकड़कर बैंक ले आई। जहां अनीता ने दोनों महिला चोरों की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस उन्हें तालकटोरा थाने ले गई। वहीं पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक प्रमिला राय ने दोनों महिला चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने अपना नाम व पता मध्यप्रदेश राजगढ गुलखेड़ी निवासी शिबली व राजगढ़ कडिय़ा निवासी जागेश्वरी बताया है। वहीं तालकटोरा पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।