ट्रेलर की टक्कर से पलटा पिकअप वाहन, हादसे में दो की मौत-आठ घायल Barabanki News
आजमगढ़ से वापस आगरा जा रही थी गतका पार्टी। बेसहारा पशु के अचानक सामने आने से पिकअप चालक ने लगाया ब्रेक एक लखनऊ रेफर।
बाराबंकी, जेएनएन। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पिकअप वाहन को पीछे से ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में पिकअप वाहन पलट गया। इसमें दो किशोरों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर एक को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
ये है पूरा मामला
मामला सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रसौली में हाईवे का है। यहां रविवार को करीब ढाई बजे पिकअप वाहन के सामने अचानक एक पशु आ गया। पिकअप वाहन के चालक ने ब्रेक लगा दी। इसपर पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप वाहन में आगरा स्थित गुरुद्वारा निवासी दस सिख की गतका पार्टी सवार थे। सभी आजमगढ़ से वापस आगरा जा रहे। यह सभी आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में स्थित गुरु का ताल गुरुद्वारा में रहते हैं। जिस वाहन से हादसा हुआ उसको सुशील चला रहे थे और सरदार सज्जन सिंह (19), मदन सिंह (15) राजा सिंह (14), हनी सिंह (17), राहुल उर्फ करन सिंह (16), अजय सिंह (17), इंदलप्रीत (12), आकाश दीप (14) और सुरजीत सिंह (18) सवार थे। इसमें से मदन और सज्जन की मौत हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों का उपचार किया गया और अजय सिंह को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पर सदर विधायक धर्मराज यादव और सीओ सिटी एसके सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे।
दूसरा वाहन था पीछे
जो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ उसके पीछे पार्टी के अन्य सदस्य दूसरे वाहन से आ रहे थे। जिन्होंने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की और स्थानीय गुरुद्वारे से संपर्क किया। सूचना पर तत्काल सिख समुदाय के दर्जनों लोग अस्पताल से लेकर घटना स्थल तक मदद को पहुंच गए।