शराब व्यवसायी लूटकांड समेत कई वारदातों को दिया अंजाम, दो गिरफ्तार Lucknow News
लूट का सामान बरामद मुख्य अभियुक्त दुष्कर्म में भी है वांछित। दोनों हैं सगे भाई तीन महीने पहले ही जेल से छूटे।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी पुलिस ने शराब व्यवसायी से लूट समेत कई वारदात को अंजाम दे चुके दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों तीन महीने पहले ही जेल से छूटे और फिर वारदात करने लगे। राजेंद्र प्रसाद व राजमन गौतम आजमगढ़ के निवासी हैं।
इंस्पेक्टर विकासनगर धीरज कुमार शुक्ला के मुताबिक राजेंद्र पर जानलेवा हमले, लूटपाट समेत अन्य गंभीर धाराओं में राजधानी के कई थानों में 23 मुकदमे दर्ज हैैं, जबकि राजमन पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पर अन्य जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं। दोनों तीन महीने पहले ही जेल से छूटे और फिर वारदात करने लगे। बदमाशों के कब्जे से लूटी गईं चार सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त दो बाइक, एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस व 13,850 रुपये बरामद किए गए हैं। राजेंद्र ने पिछले वर्ष अपने साथी राजेश कुमार के साथ एक शराब व्यवसायी को गोली मारकर लूटपाट की थी। घटना के बाद से वह फरार था। उसके खिलाफ दुष्कर्म का भी मुकदमा दर्ज है। दोनों आरोपित अपनी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लूट, हत्या समेत अन्य वारदात करते थे।
खुद लड़ता था अपने केस
इंस्पेक्टर विकासनगर ने बताया कि राजेंद्र ने वकालत की पढ़ाई की है और अपने अपराधिक मुकदमे कोर्ट में खुद लड़ता था।