विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अमीनाबाद में पटरी दुकानदारों के व‍िरोध में व्यापारी लामबंद, बाजार बंद कर निकाला मार्च

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Sat, 12 Sep 2020 05:27 PM (GMT+05:30)

लखनऊ में स्थाई दुकानों के सामने नगर निगम ने पटरी दुकानदारों का किया आवंटन तो नाराज हुए व्यापारी।

अमीनाबाद में पटरी दुकानदारों के व‍िरोध में व्यापारी लामबंद, बाजार बंद कर निकाला मार्च
अमीनाबाद में पटरी दुकानदारों के व‍िरोध में व्यापारी लामबंद, बाजार बंद कर निकाला मार्च

लखनऊ, जेएनएन। अमीनाबाद में पटरी दुकानदारों और स्थाई दुकानदारों के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। एक ओर व्यापारी जहां दुकानाें के सामने पटरी दुकानों के आवंटन का विराेध कर रहे हैं तो दूसरी ओर पटरी दुकानदान नगर निगम के आवंटन को सही ठहराकर बड़े दुकनदारों पर शोषण का आरोप लगाया है। लखनऊ व्यापार मंडल के आह्वान पर शनिवार को व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया। बंद दुकानों के सामने पटरी दुकान आवंटन के विरोध की पट्टिका लिए खड़े नजर आए। व्यापारियों ने दुकान के आगे दुकान स्वीकार नहीं लिखे स्लोगन की पट्टिका के साथ मार्च भी निकाला।

लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि अमीनाबाद में नगर निगम की ओर से पटरी दुकानदारों को दुकान के आगे स्थापित करकेे उनकी दुकानदारी को प्रभावित करने का काम किया गया है। इसको लेकर नगर निगम और व्यापारियों के साथ बैठक भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इससे गुस्साए व्यापारियों ने सुबह से ही दुकान बंद कर दिया था। दोपहर में मार्च निकालकर विरके लिए तैयार हो गए थे। पटरी दुकानदारों और व्यापारियों के बीच झड़प को रोकने के लिए पुलिस भी मौजूद रही। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि करोड़ों की दुकान खोल कर बैठे दुकान के सामने पटरी दुकानदारों के होने से व्यापार प्रभावित होता। नगर निगम काे अपने इस निर्णय को बदलना चाहिए। संसदीय महामंत्री विनोद अग्रवाल ने कहा कि पटरी दुकानदारों के लिए वेडिंग जोन बनाए गए हैं जहां उन्हें विस्थापित किया जा सकता है। नगर निगम से केवल इतनी ही गुजारिश है अमीनाबाद में दुकान के आगे किसी को दुकान न दी जाए। शहर में जो जगह खाली पड़ी हो वहां पर पटरी दुकानदारों को स्थापित किया जाए जिससे वहां पर रोजगार एवं स्थानीय विकास होगा यहां पर दुकान देने से हम लोगों का कारोबार खत्म हो जाएगा लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ महामंत्री विनोद अग्रवाल, अभिषेक खरे, हनुमान मंदिर लेन से रविंद्र गुप्ता, प्रताप मार्केट से केदार वाजपेई अमीनाबाद रोड से संजय कपूर, बुक मार्केट से अशोक खन्ना आैर मुमताज मार्केट से गड़बड़ झाला से प्रियंका गुप्ता पुरुषार्थी व अजय रस्तोगी व महेश केसरवानी समेत कई व्यापारियों ने मार्च निकालकर विरोध जताया। पटरी दुकानदारों ने नगर निगम के निर्णय का स्वागत किया है।

अमीनाबाद में 900 पटरी दुकानदार

करीब 200 साल पुरानी अमीनाबाद बाजार में फेरी नीति के तहत पटरी दुकानदारों काे जगह का आवंटन किया है। लखनऊ फुटपाथ व्यापार समन्वय समिति के अध्यक्ष गोकुल प्रसाद ने बताया कि अमीनाबाद में करीब 900 पटरी दुकानदार हैं। फेरी नीति-2014 के तहत नगर निगम ने आवंटन किया है। लॉकडाउन की वजह से पटरी दुकानदार भुखमरी की कगार पर पहुंच गए थे। अब नगर निगम ने अावंटन करके राहत देने का काम किया तो बड़े व्यापारी उनकी रोजी-रोटी छीनने पर आमादा है। हम लोग दशकों से दुकान लगा रहे हैं। यहां से नहीं हटेंगे। दुकानदार अमर सोनकर का कहना है कि नगर निगम ने पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित करके उनके साथ न्याय किया है। बड़े दुकानदारों के साथ हमारी कोई लड़ाई नहीं है।संवैधानिक अधिकारों के तहत आवंटन किया गया है।