Tiger Shroff Firing: ट्रेन से मुंबई असलहे पहुंचाने के काम में लगी थीं UP की राधा और बबीता, कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
Tiger Shroff Firing: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में हथियार तस्करी के आरोप में सीतापुर की राधा और आजमगढ़ की बबीता गिरफ्तार की गई है।

राधा और बबीता राधा के घर पर जांच के लिए पुलिस पहुंची
HighLights
मुंबई में बहालगढ़ में किराये के घर में रहतीं थीं राधा और बबीता
अपराध जगत में एक बार फिर चर्चा में आया आजमगढ़
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच में पुलिस आपराधिक रिकॉर्ड और हथियारों की सप्लाई से जुड़े कथित नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है। दोनों कैरियर के रुप में काम कर रही थीं। राधा और बबीता ने पिस्टल की खेप मुंबई के दादर पहुंचाई थी, जिसके लिए उन्हें ₹10,000 से ₹12,000 दिए गए थे।
टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले की जांच में पुलिस को पता चला है कि दो युवतियों ने ट्रेन से मुंबई में हथियार पहुंचाये थे। इस मामले में उत्तर प्रदेश में सीतापुर की राधा (23 वर्ष) और आजमगढ़ की बबीता (24) को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों युवतियों ने ट्रेन के माध्यम से पिस्तौल मुंबई पहुंचाई थी।
राधा के बैग में पिस्टल रखी थी और मुंबई पहुंचने के बाद एक नाबालिग लड़का होटल के पास उससे बैग लेकर चला गया। अगले दिन टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। इसके बाद अनिल पंडित ने कुनाल से संपर्क कर शूटरों के मुंबई में फंसने की बात कही और उनके निकलने की व्यवस्था करने को कहा था।
सीतापुर में राधा के गांव पहुंची पुलिस
फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले में प्रयुक्त पिस्टल के सीतापुर से कनेक्शन के मामले में गिरफ्तार नैमिषारण्य थाना के नहवैया गांव की राधा के घर पर जांच के लिए पुलिस पहुंची। सादी वर्दी में पहुंची पुलिस टीम को जानकारी मिली कि राधा का उसके पति सुनील से वर्ष 2018 में रिश्ता टूट चुका है। सुनील ने बताया कि उनकी शादी 2015 में हुई थी। शादी के दो-तीन वर्ष बाद राधा अपने मौसी के लड़के साथ एक वर्ष के पुत्र को लेकर चली गई थी। राधा जिस युवक के साथ गई थी वह कानपुर के दादुरपुर का रहने वाला है। वो राधा को लेकर मुंबई गया और छोटे-मोटे काम करने लगा। इसी दौरान राधा की मुलाकात कुणाल से हुई और वो हथियार सप्लाई के काम में लग गई।
राधा की थी पानीपत के कुणाल से पहचान
राधा सीतापुर जिले के मिश्रिख थाना क्षेत्र के गांव नहवैया गांव की है। बबीता आजमगढ़ के कोठियार गांव की है। जांच में दोनों के बहालगढ़ में किराये पर रहने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुणाल की पहचान राधा से थी और राधा ही बबीता को अपने साथ लेकर गई थी। पुलिस दोनों युवतियों के संपर्कों और हथियारों को मुंबई तक पहुंचाने में उनकी कथित भूमिका की जानकारी जुटा रही है। हरियाण के सोनीपत का कुणाल दसवीं पास है और होटल में नौकरी करता था। उसकी राधा से जान-पहचान हुई थी। कुणाल पहले भी एक मामले में जेल जा चुका था।
आजमगढ़ की रहने वाली बबीता अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में हथियार तस्करी के आरोप में गिरफ्तार की गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बबीता और सीतापुर की राधा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पर अमृतसर से लाए गए अवैध हथियारों को मुंबई तक पहुंचाने में मदद करने का आरोप है।
