टाइगर श्राफ की कार पर फायरिंंग मामले में आजमगढ़ की बबीता का सामने आया कनेक्शन, पुलिस के उड़े होश
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें आजमगढ़ की ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ कार फायरिंग: आजमगढ़ की बबीता और युवतियों का चौंकाने वाला कनेक्शन सामने आया।
HighLights
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में चार गिरफ्तार।
आजमगढ़ की बबीता और सीतापुर की राधा भी शामिल।
युवतियों ने हथियार मुंबई तक पहुंचाने में मदद की।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली/आजमगढ़। टाइगर श्राफ की कार पर सरेआम की गई फायरिंग से जुड़े मामले में शामिल चार आरोपितों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार करने के बाद अब युवतियों के कनेक्शन ने पुलिस को चौंका दिया है। एक और बड़े वारदात में आजमगढ़ और वहां की युवती का नाम सामने आने के बाद जिला पुलिस भी अब संपर्कों को तलाश रही है।
जारी सूचना के अनुसार चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर मुंबई पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंपा जा चुका है गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में कुणाल और सुमित (सोनीपत), राधा (सीतापुर) और बबीता (आजमगढ़) की निवासी बताई गई हैं। इसके पहले ही फायरिंग में शामिल चार शूटरों को कोटा पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
वारदात की बाबत पुलिस अधिकारी के मुताबिक हाल ही में जेल से जमानत पर छूटे कुणाल की पहचान हरसाना गांव के एक दोस्त के जरिए अनिल पंडित से हुई थी, जिसके बाद दोनों एन्क्रिप्टेड एप के जरिए आपस में बात करने लगे थे।
बताया गया कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल ने सुमित के साथ मिलकर अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस एकत्र किए थे। दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई। उसने अपनी पूरी गतिविधियों के बारे में बताकर उससे जान पहचान बढ़ाई और उसे हथियार के साथ मुंबई जाने के लिए राजी किया।
जानकारी में सामने आया कि 15 अक्टूबर को कुणाल, राधा और आजमगढ़ की बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा था। पिस्टल राधा के बैग में रखी गई थी। यात्रा के दौरान कुणाल एन्क्रिप्टेड एप के माध्यम से लगातार अनिल पंडित के निर्देश राधा तक पहुंचा रहा था। 17 अक्टूबर को दोनों युवतियां दादर उतरीं और एक होटल में भी ठहरीं थीं। बताया गया कि सुबह करीब 11 बजे होटल के पास एक नाबालिग लड़के ने राधा से बैग ले लिया।
18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे टाइगर श्राफ की कार पर फायरिंग हुई। इसके बाद अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंस गए हैं और उनके भागने की व्यवस्था करने को कहा।
वहीं 18 अक्टूबर को ही राधा और बबीता दादर से हरिद्वार एक्सप्रेस के जरिए मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। 20 अक्टूबर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राधा और बबीता को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दबोच लिया, जबकि कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। आजमगढ़ में पुलिस बबीता के अन्य कनेक्शन की तलाश कर रही है।
