बहराइच में टेंट खेत में करंट लगने से तीन की मौत, छह घायल; मातम में बदली शादी की खुशियां
बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा हसुआपारा में बिजली का करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी लोग खेत में शादी के लिए टेंट लगा रहे थे तभी वे सभी करंट की चपेट में आ गए।
बहराइच, जेएनएन। बहराइच के पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा हसुआपारा में बिजली का करंट लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं छह से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी लोग खेत में शादी के लिए टेंट लगा रहे थे तभी वे सभी करंट की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया।
बुधवार को गांव के प्रमोद शुक्ल की पुत्री अर्चना की शादी थी, जिसकी तैयारी में अर्चना के मामा राजकुमार शुक्ल एक दिन पूर्व ही हासुआपारा आ गए, जिनका टेंट का व्यवसाय है। सुबह 8 बजे घर के बाहर ईसा हाफिज के खेत में वह टेंट लगा रहे थे। उनके भतीजे व अन्य रिश्तेदार सहित गांव के लोग भी उनका सहयोग कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से निकले 11 हजार किलोवाट की विद्युत लाइन के तार से टेंट का खंभा छू गया। इससे चपेट में आने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें गांव के पास एक चिकित्सक के पास ले जाया गया। वहां पहुंचते ही श्रावस्ती जिले के भिनगा थाना क्षेत्र शिवालापुरवा के 40 वर्षीय राजकुमार, 30 वर्षीय अमरेंद्र, 28 वर्षीय कंटू की मौत हो गई। इसी जिले के भिनगा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कला के 18 वर्षीय अंकित कुमार, परशुरामपुर के 25 वर्षीय रमेश, गोलपुरवा सेमरी निवासी 23 वर्षीय राजेश गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के परिवारजन शव लेकर अपने घर चले गए। बाद में सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी कीर्तिप्रकाश भारती, पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्णप्रताप सिंह, थानाध्यक्ष ब्रीजानंद सिंह मौके पर पहुंचे।
काश! फोन उठ जाता
-घटना के बाद ग्रामीण विद्युत सबस्टेशन फोन मिलाकर आपूर्ति बंद करने की सूचना देने का प्रयास करते रहे, लेकिन फोन नहीं उठा। ग्रामीणों का कहना है कि शायद समय पर आपूर्ति बंद हो जाती तो इतनी बड़ी दुर्घटना टल सकती थी।
करंट से दंपती झुलसे, पति की मौत: सीतापुर : बिसवां कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात रिश्तेदारी में मृतक का अंतिम संस्कार कराकर लौटे युवक को करंट लग गया। शोर सुनकर दौड़ी पत्नी बचाने की कोशिश करने लगी तो वह भी चपेट में आ गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रात में ही परिवाजन दंपती को बिसवां सीएचसी लाए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की प्रारंभिक उपचार के बाद पत्नी की हालत खतरे से बाहर होने पर डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से छुटटी दे दी है। मामला के निपनिया माफी गांव का है। यहां के विश्वनाथ यादव रिश्तेदारी में मृतक का अंतिम संस्कार कराकर लौटा था। मृतक की पत्नी सविता यादव ने बताया, उसका पति स्नान करने को पानी के लिए सबमर्सिबल चालू करने को प्लग लगा रहा था। इसी बीच उसे करंट लगा। वह भी पति को बचा नहीं पाई और करंट लगने से सविता भी बेसुध हो गई थी। अस्पताल में पति की मौत की खबर पाकर सविता व उसके परिवार वाले दहाड़ मारकर रो रहे थे। पुलिस ने मृतक विश्वनाथ यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, इस घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है। गांव का हर कोई विश्वनाथ के परिवार की कच्ची गृहस्थी को लेकर दुखी देखने को मिला। मृतक विश्वनाथ यादव अभी 35 साल का ही था।
परिवार में पत्नी व इकलौती बिटिया: ग्रामीणों से खबर मिली है कि मृतक विश्वनाथ के तीन भाइयों के बीच कुल 40 बीघे जमीन है। भाइयों में अभी खेती का बंटवारा नहीं हुआ था। तीनों भाई आपस में मिल-मिलाकर चलते थे। भाइयों में विश्वनाथ सबसे छोटा था। मृतक के इकलौती संतान के रूप में चार साल की बेटी अनुष्का और पत्नी सविता है। सविता ने बताया, उसका विवाह आठ साल पहले विश्वनाथ के साथ हुआ था। उसका मायका सिधौली है।