राजधानी समेत प्रदेश में तीन दिन तक होगी बारिश, मौसम होगा खुशनुमा Lucknow News
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिन बारिश की संभावना जताई।
लखनऊ, जेएनएन। राज्य में दक्षिणी-पूर्वी हवा ने मौसम खुशनुमा बना दिया। प्रदेश में तीन दिनों तक बारिश जारी रहेगी। वहीं, राजधानी वासियों को भी गर्मी से राहत मिलेगी।
राजधानी में रविवार को बादलों की आवाजाही रही। इस दौरान उमस बरकरार रही। ऐसे में अधिकतम तापमान एक डिग्री अधिक 34.7 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक राज्य में तीन दिन तक रिमझिम बारिश का सिलसिला अभी जारी रहेगा। पश्चिमी व पूर्वी इलाके में रविवार को बारिश हुई। यहां अभी मानसून मेहरबान रहेगा। साथ ही राजधानी में भी हल्की बारिश होगी।
कई जिलों में बारिश से नदियां उफनाईं
इटावा की चंबल व हमीरपुर की बेतवा व यमुना और बांदा की केन में लगातार पानी बढ़ रहा है। रविवार को भी पानी बढ़ेगा। उधर गंगा और यमुना का पानी अब खतरे की निशान की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मात्र तीन मीटर ही पानी खतरे के निशान से नीचे है। नदियों की उफान से हजारों गांव बाढ़ में घिरे हैं। मुजफ्फरनगर में मकान गिरा, मलबे में दबकर बच्ची की मौत हो गई।