प्रदेश में गंगा दशहरा पर 31 लोग डूबे
प्रदेश में गंगा दशहरा पर 31 लोग डूबे
लखनऊ। गंगा दशहरा पर गुरुवार को स्नान करते समय गंगा, यमुना व चंबल समेत अन्य नदियों में प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 31 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हापुड़ में कई श्रद्धालुओं को बचा लिया गया। आगरा में दो युवक स्नान करते समय नदी में समा गए। मथुरा में दो, जबकि फीरोजाबाद में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शाहजहांपुर में फर्रुखाबाद के दो लोग गंगा में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से डूबकर मर गए। एक अन्य युवक की भी मौत हो गई। बदायूं में एक महिला की डूबने से मौत हो गई। एक किशोरी को बचा लिया गया, जबकि दूसरी किशोरी का कुछ पता नहीं चल सका। बुलंदशहर के अहार में गौतमबुद्धनगर के दनकौर से आए परिवार के चार लोग डूब गए। देर शाम तक तीन के शव बरामद कर लिए गए। एक की तलाश जारी है। नरौरा में हाथरस के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सहारनपुर में हरियाणा से स्नान के लिए आए एक परिवार के तीन सदस्य डूब गए। दो बच्चों की लाशें बरामद हो गईं, जबकि उनके चाचा की तलाश जारी है। अमरोहा में गंगा में स्नान करते समय मेरठ के दो भाई-बहन डूब गए। इस दौरान पिता समेत तीन अन्य को बचा लिया गया। उधर, इलाहाबाद में एक युवक व कौशांबी में अलग-अलग जगह पर तीन बालिकाओं की डूबने से मौत हो गई। इटावा में अलग-अलग स्थानों पर एक बालिका व छह युवक भी डूब गए।