CoronaVirus: एक ही परिवार का तीसरा सदस्य कोरोना पॉजिटिव, लखनऊ में संख्या पहुंची 10
CoronaVirus बहू और पत्नी के बाद सेवानिवृत्त अधिकारी कोरोना पॉजिटिव। अब लखनऊ में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 10 हुई।
लखनऊ, जेएनएन। CoronaVirus: उत्तर प्रदेश में कोरोना पैर पसारते ही जा रहा है। राजधानी में बुधवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आया है। एक ही परिवार का यह तीसरा सदस्य पॉजिटिव निकला है। इससे पहले इनकी पत्नी और बहू कोरोना पॉजिटिव हुई थीं।
दरअसल, बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिले वृद्ध सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। उनकी बहू कुछ दिन पहले कनाडा से आयी थी। वो कोरोना पॉजिटिव निकली थी। उनका उपचार केजीएमयू में किया गया। महिला के संक्रमण की चपेट में सेवानिवृत्तसैन्य अधिकारी की पत्नी भी आ गईं। पहली रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद तबियत खराब होने पर उनकी पत्नी को बेस अस्पताल में 28 मार्च को भर्ती किया गया था। जहां महिला की पुणे से आयी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली थी।
इसके बाद सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी सहित परिवार के तीन सदस्यों को घर में ही क्वारंटाइन किया गया। बेस अस्पताल की टीम ने घर पर ही उनके नमूने लिए। बुधवार को सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी कोरोना पॉजिटिव निकले।