रायबरेली आएगा नौसैनिक शुभम का पार्थिव शरीर, राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
नौसैनिक शुभम का पार्थिव शरीर नौसेना को सोमवार को मिला। परिवारजनों के मुताबिक बुधवार की सुबह शुभम का पार्थिव शरीर हवाई जहाज से लखनऊ पहुंचेगा। उसके बाद वहां से ही उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
रायबरेली, जेएनएन। विशाखापत्तनम में तैनात मिल एरिया के घूराडीह निवासी नौसैनिक शुभम सिंह 8 नवंबर को ड्यूटी के दौरान समुद्र में लहरों के भंवर में फंस गए थे। उनकी खोजबीन के लिए नेवी की कई टीमें लगी हुई थीं। सोमवार की शाम उनका पार्थिव शरीर नौसेना को मिला। इसकी सूचना उनके गांव मंगलवार की देर शाम पहुंची। इससे शोक की लहर दौड़ गई। परिवारजनों के मुताबिक बुधवार की सुबह शुभम का पार्थिव शरीर हवाई जहाज से लखनऊ पहुंचेगा। उसके बाद वहां से ही उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
शुभम के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह तीन बहनों में अकेला था। अगस्त 2018 को नेवी में भर्ती हुआ था। 2 मार्च को घर छुट्टियों में आया था। लॉकडाउन के बाद 2 जून को पुनः वापस ड्यूटी पर चला गया था। 8 जून को फोन कर बहन-माँ से आखिरी बार बात की थी। यह यादकर बहनें करुण क्रंदन करने लगती हैं। मां भी बदहवास हो चुकी हैं। गांववाले भी इस घटना से बेहद दुखी हैं।