सोनिया गांधी को बीमार बताने वाले पार्टी से बाहर
लखनऊ। इलाहाबाद में संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी की विवादित होर्डिग लगाकर फूलपुर संसदीय क्षेत्र से पि
लखनऊ। इलाहाबाद में संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी की विवादित होर्डिग लगाकर फूलपुर संसदीय क्षेत्र से प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव लड़ाने की अपील करने वाले कांग्रेस के दो नेताओं को पार्टी से छह वर्ष तक के लिए बाहर का रास्ता दिखाया गया है। यह कार्रवाई उप्र कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने की।
समिति के चेयरमैन रामकृष्ण द्विवेदी ने शहर कांग्रेस कमेटी को इस आशय का फैक्स संदेश भेजा है। इसमें कहा गया है कि शहर कांग्रेस कमेटी के सचिव हसीब अहमद व युवक कांग्रेस के सदस्य श्रीशचंद्र दुबे ने अवांछनीय और अप्रत्याशित होर्डिग लगाकर संगठन की मर्यादा पर कुत्सित प्रहार किया है। इससे पहले 16 अक्टूबर को दोनों नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। हसीब व श्रीशचंद्र ने शहर के सुभाष चौराहे पर होर्डिग लगाई थी। इसके जरिये अपील की गई, 'मइया (सोनिया) अब रहतीं बीमार, भइया (राहुल) के पास हो गया ज्यादा भार, प्रियंका फूलपुर से बनो उम्मीदवार, करो पार्टी का प्रचार।' वहीं, आनंद भवन के सामने हसीब व श्रीशचंद्र का अनशन आज भी जारी रहा। उनके समर्थन में कांग्रेस पार्षद दिनेश कुमार गुप्ता 'छेदी' व शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता भी अनशन स्थल पहुंचे। इन्होंने कहा ंयदि दोनों नेताओं का निष्कासन वापस नहीं हुआ, तो वे दोनों भी अपने पदों से इस्तीफा दे देंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर