विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामायण के दौर से मोबाइल तक: एक आंगन में जुटने वाला पूरा गांव अब अपनी स्क्रीन में कैद, टेलीविजन का दिलचस्प सफर

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:11 PM (IST)

टेलीविजन के ब्लैक एंड व्हाइट से स्मार्ट स्क्रीन तक के सफर को दर्शाया गया है, जिसमें रामायण के दौर की सामुदायिक दर्शक परंपरा से लेकर आज के मोबाइल और ओटीटी आधारित व्यक्तिगत मनोरंजन तक का बदलाव शामिल है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. टेलीविजन का सफर ब्लैक एंड व्हाइट से स्मार्ट स्क्रीन तक पहुंचा।

  2. रामायण, महाभारत ने सामुदायिक मनोरंजन और जुड़ाव को बढ़ावा दिया।

  3. मोबाइल, ओटीटी ने व्यक्तिगत स्क्रीन और विकल्प बढ़ाए।

आशुतोष पांडेय, लखनऊ। वक्त के साथ मनोरंजन के साधन बदले तो टेलीविजन का सफर ब्लैक एंड व्हाइट से रंगीन और फिर स्मार्ट स्क्रीन तक पहुंच गया। कभी गांव में एक घर में टीवी होना बड़ी उपलब्धि थी। रामायण और महाभारत के प्रसारण के दौरान पूरा गांव एक जगह जुटता था। आज मनोरंजन मोबाइल और ओटीटी प्लेटफार्म पर सिमट गया है। विश्व टेलीविजन दिवस पर शहरवासियों ने इससे जुड़ी यादें साझा कीं।

पलक सिटी निवासी 79 वर्षीय विष्णु कुमार मिश्रा ने टेलीविजन का शुरुआती दौर और मौजूदा तकनीक, दोनों देखे हैं। वह बताते हैं कि रामानंद सागर की रामायण के प्रसारण के समय गांव में उनके घर पर ही टीवी थी। रविवार को बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की भीड़ उनके कच्चे बंगले में जुटती थी। सभी श्रद्धाभाव से कार्यक्रम देखते थे।

एक बार रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में जाने के कारण उन्हें प्रसारण के समय घर पहुंचने में देर हो रही थी। ऐसे में उन्होंने गांव में पर्दे पर रामायण दिखाने की व्यवस्था कराई। कृषि दर्शन, रामायण, महाभारत, कृष्णा और शक्तिमान जैसे कार्यक्रमों ने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। लाल किले की परेड और प्रधानमंत्री का संबोधन पहली बार टीवी पर देखने का अनुभव भी उन्हें याद है।

कृष्णानगर निवासी अखिलेश कुमार के घर में पहली बार टीवी महाभारत के प्रसारण के समय आई। आसपास के परिवार भी एक साथ बैठकर धारावाहिक देखते थे। रामायण के दौरान गांव में टीवी का तिलक करने के बाद ही उसे चालू किया जाता था। उनकी बेटी खुशी के लिए यह बचपन की यादों का हिस्सा है। वह बताती हैं कि कार्टून देखे बिना खाना नहीं खाती थीं।

स्कूल जाने से पहले और लौटने के बाद पसंदीदा कार्यक्रम देखना दिनचर्या थी। तारक मेहता का उल्टा चश्मा ने खूब हंसाया तो स्टार प्लस के धारावाहिकों ने भावुक भी किया। रिमोट के लिए पिता से होने वाली नोकझोंक भी यादगार थी। अब लगभग सभी कार्यक्रम मोबाइल पर उपलब्ध हैं।

उदयगंज निवासी कमल गुप्ता बताते हैं कि पहले धारावाहिक दिनभर की थकान और तनाव दूर करते थे। आज घरों में कई टीवी होने के बावजूद मोबाइल और ओटीटी के कारण परिवार के साथ बैठकर कार्यक्रम देखने की परंपरा कमजोर पड़ गई है।

एक स्क्रीन से निजी मनोरंजन तक

टेलीविजन ने मनोरंजन के साथ परिवार और समाज को जोड़ने में भी भूमिका निभाई। कभी एक स्क्रीन के सामने पूरा गांव बैठता था, अब हर व्यक्ति के पास अलग स्क्रीन है। विकल्प बढ़े हैं, लेकिन सामूहिक हंसी, भावनाएं और कार्यक्रमों पर चर्चा के अवसर घटे हैं।

देश में टेलीविजन का सफर

  • 1959: दिल्ली से प्रायोगिक प्रसारण शुरू हुआ।
  • 1965: दैनिक प्रसारण आरंभ हुआ।
  • 1967: किसानों के लिए कृषि दर्शन शुरू हुआ।
  • 1972: मुंबई में दूसरा टेलीविजन केंद्र स्थापित हुआ।
  • 1975-76: उपग्रह आधारित शैक्षिक कार्यक्रमों से छह राज्यों के 2,400 गांव जुड़े।
  • 1976: दूरदर्शन आकाशवाणी से अलग हुआ।
  • 1982: रंगीन प्रसारण शुरू हुआ। एशियाई खेलों ने लोकप्रियता बढ़ाई।
  • 1990 का दशक: निजी चैनलों और केबल नेटवर्क का विस्तार हुआ।
  • 2000 का दशक: सीधे घर तक प्रसारण सेवा और डिजिटल तकनीक बढ़ी।
  • 2010 का दशक: स्मार्ट टीवी और इंटरनेट आधारित मनोरंजन लोकप्रिय हुआ।
  • 2015-2020: ओटीटी और मोबाइल पर कार्यक्रम देखने का चलन बढ़ा।
  • 2020-2023: ऑनलाइन शिक्षा और डिजिटल मनोरंजन में टेलीविजन की भूमिका बढ़ी।
  • 2024-2026: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीर, आवाज से नियंत्रण और व्यक्तिगत पसंद के कार्यक्रमों ने देखने का अनुभव बदल दिया। टेलीविजन अब प्रसारण, इंटरनेट और मनोरंजन का एकीकृत माध्यम बन चुका है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।